SIT और FSL की टीम ने आश्रम से कुछ दवाइयां बरामद की हैं जिनके बारे में ये संभावना जताई जा रही है कि ये दवाइयां अस्थमा से संबंधित हो सकती हैं।
Sadhvi Prem Baisa Death Case Update: जोधपुर के पाल गांव के आरती नगर स्थित एक आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले की गुत्थी अब भी अनसुलझी है। 7 दिन से ज्यादा समय बीतने के बावजूद एफएसएल और एसआइटी की जांच की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि यह तय किया जा सके कि उनकी मौत का कारण क्या था।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अब तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि उनके शरीर में कोई जहरीला पदार्थ था। डॉक्टरों के अनुसार मृत्यु के समय शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं थे और ना ही जहर के कोई साक्ष्य मिले। पुलिस भी इस बात पर जोर दे रही है कि मृतका के शरीर में किसी भी जहरीले पदार्थ के संकेत नहीं मिले हैं।
एसआइटी और एफएसएल की टीम ने आश्रम से कुछ दवाइयां बरामद की हैं जिनके बारे में ये संभावना जताई जा रही है कि ये दवाइयां अस्थमा से संबंधित हो सकती हैं। ऐसे में संभवतः साध्वी प्रेम बाईसा अस्थमा से पीड़ित हो सकती है इस बारें इस में जांच जारी है।
एसआइटी ने अस्पताल में जाकर डॉक्टरों और स्टाफ से भी जानकारी ली है। पुलिस ने डॉक्टर प्रवीण जैन से भी बयान लिया। सामने आया है कि साध्वी को सर्दी, जुकाम और खांसी की समस्या थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनकी स्वास्थ्य जांच नहीं की गई थी। साध्वी को 28 जनवरी को अस्पताल में बेसुध अवस्था में लाया गया था। अस्पताल के स्टाफ के मुताबिक उस दिन साध्वी को कोई चिकित्सकीय उपचार या दवाइयां नहीं दी गईं।
एसआइटी के प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा ने बताया कि जांच चल रही है और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारण का पता चल पाएगा। अब तक पुलिस को किसी भी जहरीले तत्व के संकेत नहीं मिले हैं, और न ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार के जहर की पुष्टि हुई है।