जोधपुर

जोधपुर में नन्हीं सी जान को कुचला कार ने, संभाग के सबसे बड़े जनाना अस्पताल में हुआ दर्दनाक हादसा

नन्हीं सी जान पर चल गई बड़ी सी कार, चारों ओर फैला खून, जिसने देखा निकली चीख  

2 min read
Oct 24, 2017
3 years old girl crushed under car in Jodhpur
3 years old girl crushed under car in Jodhpur

जोधपुर संभाग के सबसे बड़े जनाना अस्पताल उम्मेद अस्पताल परिसर में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन साल की बच्ची को कुचल दिया। लोगों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कार को जबरन भगा ले गया। घटना के बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तमाम जानकारी ली। लोगों ने स्कॉर्पियो का नम्बर नोट कर खाण्डा फलसा पुलिस थाने को दिया है। पुलिस चालक की तलाश में लगी है।

जानकारी के अनुसार अस्पताल में गेट संख्या तीन के पास सुबह एक स्कॉर्पियो ने आखलिया चौराहे की रहने वाली तीन वर्ष की मेहंदी को चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बच्ची की मौत की खबरें भी आ रही हैं। हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है। आपको बता दें कि हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो को जबरन भगा ले गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकरने की भरपूर कोशिश की। लोगों ने नम्बर नोट करके खांडा फलसा थाने में सूचना दी। इसके बाद थानाधिकारी पूरण सिंह व उप निरीक्षक पुखाराम अस्पताल पहुंचे व मामले की जानकारी ली। कार व चालक की तलाश की जा रही है।

कार को बैक लेते हुआ हादसा


परिसर में चालक अपनी गाड़ी को बैक ले रहा था। वहीं मेहंदी खेल रही थी। बैक लेते समय कार वहीं खेल रही नन्हीं सी मेहंदी पर से गुजर गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिम्मेदारी लेने और हमदर्दी दिखाने के बजाए कार चालक वहां से भाग निकला। लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद तुरंत बच्ची को अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया, जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई है। पुलिस व अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंच गया है।

खून से लथपथ बाप की छलछला गईं आंखें


नन्हीं सी जान मेहंदी को उसका पिता नईम अस्पताल में उपचार के लिए लाया था, लेकिन हादसे के बाद उसे आईसीयू लेकर दौड़ा। बच्ची के खून से लथपथ बाप की आंखें उस समय छलछला आईं, जब उससे पूरा वाकया पूछा गया। डबडबाई आंखों से उसने बताया कि अभी वो नहीं जानता कि उसकी बच्ची की हालत कैसी है।

Published on:
24 Oct 2017 12:58 pm