जोधपुर सेंट्रल जेल में साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल
जोधपुर सेंट्रल जेल में अब बंदी साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करने जा रहे हैं। जेल में नवरात्रा मनाई जा रही है। इसके लिए जेल के 20 बैरक में घट स्थापना हुई। खास बात यह है कि 511 हिन्दू बंदी नवरात्रा व्रत कर रहे हैं और उनके खाने-पीने की व्यवस्था मुस्लिम बंदी कर रहे हैं। जो बंदी व्रत कर रहे हैं, उनके काम में मुस्लिम बंदी हाथ बंटा रहे हैं। अपराधियों की ओर से इस सौहाद्र्र की मिसाल को देखते हुए जेल प्रशासन ने भी नवरात्रा मनाने की विशेष व्यवस्था की है। जोधपुर सेंट्रल जेल में साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल
जोधपुर सेंट्रल जेल में वर्तमान में करीब 1450 बंदी है। इनमें से 511 बंदी नवरात्रा व्रत रख रहे हैं। जेल के बैरक में घट स्थापना के लिए पूरी सफाई व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। बंदियों ने एक दिन पहले ही बैरक की साफ-सफाई कर घट स्थापना की जगह तय कर ली। साथ ही बंदियों ने यह निर्णय किया कि जो बंदी व्रत रखेंगे, उनके खाने-पीने और अन्य कार्य में मुस्लिम बंदी हाथ बंटाएंगे। इसके लिए मुस्लिम बंदी व्रत के खोलने के समय बंदियों के लिए खाना पकाएंगे, उन्हें खाना खिलाएंगे।
रमजान महीने में हिन्दू बंदियों ने की थी पहल
इससे पहले रमजान के महीने में हिन्दू बंदियों ने यह पहल की थी। तब हिन्दू बंदी तड़के तीन बजे उठकर मुस्लिम बंदियों के लिए खाना पकाते थे और रोजा खुलवाते थे। इस मिसाल के बाद अब मुस्लिम बंदी हिन्दू बंदियों के लिए नवरात्रा की तैयारियों में जुटे हैं।
जेल में सौहाद्र्र व शांति रहती है
सेंट्रल जेल में 511 बंदी नवरात्रा व्रत रख रहे हैं। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 20 बैरक में घट स्थापना होगी। हिन्दू बंदियों के लिए खाना पकाने व अन्य कार्य में मुस्लिम बंदी सहयोग करेंगे। अच्छा माहौल है, इससे सौहार्द व शांति बनी रहती है। - विक्रम सिंह, जेल अधीक्षक, जोधपुर सेंट्रल जेल।