जोधपुर मिग क्रैश: जय हो..! खेतों में काम कर रहे बच्चों ने यूं की थी घायल पायलट की सेवा

जोधपुर के ग्रामीण बच्चों ने मिग क्रैश के समय दिखाया देश सेवा और इंसानियत का अनूठा जज्बा
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2017, 6:09 PM IST
mig crash in Jodhpur
mig crash in Jodhpur

देश सेवा और इंसानियत का जज्बा शहर में रहने और ज्यादा पढ़ लिख लेने से ही नहीं आता। इसके लिए मन में भावनाएं साफ होनी चाहिए। इस बात का ताजा उदाहरण दिखा जब हाल ही में राजस्थान के दूसरे बड़े शहर जोधपुर के बालेसर कस्बे के गोपालपुर गांव में वायुसेना का विमान मिग 23 क्रैश हुआ। विमान में दो पायलट सवार थे, जिनका एटीसी से संपर्क टूट जाने पर उन्होंने पैराशूट से इमरजेंसी इजेक्ट किया। दोनों ही बालेसर कस्बे के किसी खेत में गिरे और घायल हो गए।


इन्हें देख खेत से गुजर रहे बच्चे यहां रुके और वहीं पास में पड़े चारपाई से उसे धूप से बचाने का जतन करने लगे। इस समय तक पुलिस की ओर से सेना और वायुसेना को सूचित किया जा चुका था। वायुसैनिकों ने यहां पहुंच इन बच्चों के हौंसले, जज्बात और देश सेवा को सेल्यूट किया। जवानों को वायुसेना के हेलिकॉप्टर से जोधपुर के अस्पताल लाया गया, जहां दोनों की हालत अब स्थिर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह 11.30 बजे लड़ाकू विमान के आने की आवाज आई और उसके तत्काल बाद जोरदार धमाके के साथ जलता हुआ मिग 23 विमान गोपालसर भाखरी का बास में बाली की ढाणियों के पास अनोपसिंह इन्दा के खेत में जा गिरा। विमान के दो टुकड़े हो गए और आगे का हिस्सा जोरदार आवाज के साथ जलने लगा और थोड़ी देर में जलकर खाक हो गया। विमान ढाणी में बने घर से सौ मीटर पहले गिरा, इससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग जमा हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर बालेसर से पुलिस उप अधीक्षक अजीत सिंह और थानाधिकारी मूलसिंह मय जाब्ते मौके पर पहुंचे।

पैराशूट से कूदे विमान के पायलट विंग कमाण्डर ए यादव एवं ग्रुप कैप्टन शिवम दुर्घटनास्थल से एक किलोमीटर पहले खेतों में उतरे। उन्हें मामूली चोटें आई। सूचना पाकर सड़क और वायुमार्ग से मौके पर पहुंचे वायुसेना के उच्चाधिकारी व सहायता दल के लोग दोनों पायलट को प्राथमिक उपचार के बाद हैलीकॉप्टर में जोधपुर ले गए। सेना ने विमान के मलबे के चारों तरफ से सील कर दिया और जांच शुरू की। वायुसेना के अधिकारियों ने चश्मदीद गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए।

(फोटो मेजर सुरेंद्र पूनिया के ट्विटर वॉल से ली गई है)


Published on: