
जोधपुर.
मानसून की बेरुखी से गहराए जल संकट के चलते शहरवासियों के लिए खास खबर यह है कि शहर के प्रमुख फिल्टर हाउस में 24 घंटे के शट डाउन के कारण सोमवार को शहर में जलापूर्ति बाधित रहेगी। हालांकि झालामंड और कुड़ी क्षेत्र में आंशिक जलापूर्ति हो सकती है। जलदाय विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बारिश नहीं होने और राजीव गांधी लिफ्ट केनाल से पर्याप्त पानी नहीं मिलने से शहर के प्रमुख जलस्रोत कायलाना और तख्तसागर का जलस्तर दिन-ब-दिन नीचे जा रहा है। इसी कारण लगातार दूसरे माह शट डाउन लिया जा रहा है। विभाग के इस निर्णय के चलते आमजन को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
यह रहेगी व्यवस्था -
जानकारी के मुताबिक कायलाना फिल्टर हाउस में रविवार रात 8 से सोमवार रात 8 बजे तक शट डाउन रहेगा। इससे अंदरूनी शहर व प्रमुख आवासीय बस्तियों में आपूर्ति सोमवार को नहीं होगी। सोमवार को होने वाली सप्लाई मंगलवार को और मंगलवार की सप्लाई बुधवार को होगी। चौपासनी फिल्टर हाउस में रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक शट डाउन के चलते इससे जुड़े क्षेत्रों में भी सोमवार को जलापूर्ति नहीं होगी।
झालामंड फिल्टर हाउस में सोमवार सुबह 8 से मंगलवार सुबह तक शटडाउन रहेगा। इससे जुडणे कुड़ी, झालामंड क्षेत्र में सोमवार सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति होगी। इसके बाद मंगलवार दोपहर बाद आपूर्ति होगी। लालसागर फिल्टर प्लांट में भी रविवार रात 8 बजे से शट डाउन लिया गया है। इससे जुड़े क्षेत्रों में भी सोमवार को जलापूर्ति बाधित रहेगी।