जोधपुर

ये क्याः रेगिस्तान के अंदर मानसून करा रहा समुद्र जैसा अहसास, तापमान को लेकर सामने आई ऐसी बड़ी जानकारी

दिन और रात के तापमान में अंतर कम होने से न तो गर्मी रहती और न ही सर्दी, हालांकि आद्रता अधिक होने से उमस परेशान करती है

2 min read
Aug 04, 2023
monsoon_in_marwar.jpg

जोधपुर। प्रदेश में मरुस्थलीय जलवायु है, जहां तापांतर बहुत अधिक रहता है, लेकिन मानसून के चार महीनों में यहां समुद्री जलवायु के समान मौसम हो जाता है। दिन और रात के तापमान में अंतर कम होने से न तो गर्मी रहती और न ही सर्दी, हालांकि आद्रता अधिक होने से उमस परेशान करती है। थार मरुस्थल होने की वजह से जोधपुर संभाग में जनवरी से लेकर मई और अक्टूबर से लेकर दिसम्बर तक दिन व रात के तापमान में बड़ा अंतर होता है। गर्मियों में रात का तापमान औसतन 25 से 30 डिग्री और दिन का 40 से 45 डिग्री के मध्य रहता है। दिन और रात के तापमान में पंद्रह से बीस डिग्री का अंतर रहता है।

सर्दियों के मौसम में जोधपुर संभाग में तापांतर का स्पष्ट प्रभाव नजर आता है। जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे हिस्सों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला जाता है, जबकि दिन में तापमान 30 डिग्री तक पहुंचता है। इससे रातें अत्यधिक ठंडी और दिन सामान्य से रहते हैं। चंद्रमा पर भी ऐसा ही मौसम है। वहां रात में पारा माइनस 180 डिग्री तक पहुंचता है, जबकि दिन में तापमान 100 डिग्री तक आ जाता है।


मानसून में कई बार दिन-रात बराबर

मानसून का मौसम जून से लेकर सितम्बर तक होता है। इस दौरान बादलों का आवरण रहने और बारिश रहने से रात का तापमान 25 से 30 डिग्री रहता है, जबकि दिन का तापमान 35 डिग्री के आसपास रहता है। लगातार बारिश होने से कई बार तापांतर दो-तीन डिग्री ही रह जाता है यानी दिन व रात में तापमान तीस डिग्री के आसपास ही रिकॉर्ड होता है।

Published on:
04 Aug 2023 12:46 pm