जोधपुर

सेना के जवान की पत्नी ने फंदा लगाया, दो साल पहले की थी Love marriage

-अजमेरी लाइंस के क्वार्टर में मिला शव, न्यायिक अधिकारी करेंगे जांच
less than 1 minute read
• •
Updated: 16 Oct 2024, 11:55 PM IST
army man's wife sucide
पुलिस स्टेशन रातानाडा।

जोधपुर.

रातानाडा थानान्तर्गत सैन्य क्षेत्र अजमेरी लाइंस के सरकारी क्वार्टर में बुधवार को सेना में जवान की पत्नी ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण पता नहीं लग पाया है।

उप निरीक्षक भंवरसिंह ने बताया कि मूलत: ओडिशा में भद्रक जिला हाल अजमेरी लाइंस निवासी अनुपमा (22) पत्नी सत्यरंजन बारिक ने सरकारी क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या की है। प्रारम्भिक जांच के बाद शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पीहर पक्ष को सूचित किया गया है। उनके जोधपुर पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शादी को दो साल ही हाेने से मामले की जांच न्यायिक अधिकारी करेंगे।

दरवाजा काटकर कुंडी खोली तो फंदे पर झूली दिखी

सत्यरंजन बारिक जोधपुर में सेना की यूनिट में जवान है। दो साल पहले ही उसने अनुपमा से प्रेम विवाह किया था। उनके अभी बच्चे नहीं हैं। दोनों अजमेरी लाइंस में सरकारी क्वार्टर में रहते थे। सत्यरंजन की रात्रि ड्यूटी थी। वह बुधवार सुबह 8 बजे ड्यूटी से फ्री हुआ था। फिर वह किसी अन्य कार्य से सेना की यूनिट चला गया था। दोपहर एक बजे उसने खाने के लिए पत्नी को कॉल किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। उसने पड़ोसी को अपने क्वार्टर भेजा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर वह क्वार्टर पहुंचा। लकड़ी के दरवाजे का कुछ हिस्सा काटकर कुंडी खोली और अंदर घुसे तो अनुपमा पंखे पर दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। उसकी मौत हो चुकी थी। सैन्य अधिकारी व सेना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस को भी बुलाया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पति ने पत्नी से किसी तरह की अनबन से इनकार किया।

Updated on:
16 Oct 2024, 11:55 PM IST
Published on: