प्रतापनगर थाना क्षेत्र के लाला लाजपतराय कॉलोनी का मामला
जोधपुर. प्रतापनगर थाना क्षेत्र के लाला लाजपतराय कॉलोनी स्थित एक मकान में रविवार सुबह एक श्रमिक का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप जांच शुरू की।
उप निरीक्षक देऊ के अनुसार लाला लाजपतराय कॉलोनी निवासी प्रवीण उर्फ विजेश (23) पुत्र लक्ष्मण मेघवाल का शव रविवार सुबह उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला। सुबह करीब छह बजे उसकी मां कमरे में पहुंची तो प्रवीण का शव फंदे पर लटका पाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच के बाद शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया। पुलिस का कहना है कि मृतक मजदूरी करता था। शनिवार रात ११ बजे घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह सोने के लिए कमरे में चला गया था। आशंका है कि उसने मध्यरात्रि में फंदा लगाया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी है।