CG News: कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र का एक आईटीबीपी जवान छुट्टी पर घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है।
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र का एक आईटीबीपी जवान छुट्टी पर घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। जवान ने 7 फरवरी की रात परिजनों से फोन पर रायपुर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम कसावाही निवासी विनोद कुमार गोटी वर्तमान में पंजाब के लुधियाना स्थित आईटीबीपी पोस्ट पर पदस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपने परिजनों से फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने बताया था कि वे छुट्टी लेकर घर लौट रहे हैं और रायपुर पहुंचने के बाद उन्हें लेने आने को कहा था। हालांकि, अगली सुबह जब उनके पिता ने संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
मामला उस समय और रहस्यमय हो गया जब उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जवान का सामान मिलने की सूचना मिली। इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जवान गोरखपुर कैसे पहुंचा या वहां उसका सामान कैसे मिला।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संबंधित राज्यों की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है, ताकि जवान का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। जवान के लापता होने की खबर से गांव और परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर सुरक्षित तलाश की मांग कर रहे हैं।