
कन्नौज. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल अपने पिता और अपना दल के संस्थापक की 10वीं पुण्य तिथि पर कन्नौज पहुंचीं। यहां कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने पिछड़े वर्ग के लिए अलग मंत्रालय बनाने और इलाहाबाद के नाम बदलने पर फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के बंगरौली हवाई अड्डे का नाम डा. सोनेलाल पटेल करने की मांग उठाई। पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि 2021 में पिछड़ा वर्ग की जनगणना अलग से की जाएगी।
हुआ जोरदार स्वागत
भारत सरकार की केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल अपने पिता डॉ. सोनेलाल पटेल की 10वीं पुण्य तिथि मनाने के लिए कन्नौज पहुंची। अपने पैतृक गांव बगुलिहाई जाने से पहले वह पार्टी कार्यालय रुकी। जहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से मुखातिब होकर कहा कि पिता की पुण्य तिथि पर पैतृक गांव में एक सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
अल्पसंख्यक मंत्रालय की तरह बने पिछड़ा वर्ग मंत्रालय
उन्होंने कहा कि पिता के सपने को आगे बढ़ाना है। भाजपा सरकार में पहली बार पिछड़ों की जनगणना की जा रही है। इससे पहले 1931 में पिछड़ों की जनगणना की गई थी। जनगणना होने पर पिछड़ों और गरीब लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। कहा कि वह प्रधानमंत्री से मिलकर पिछड़ा वर्ग मंत्रालय अलग से बनाने की गुजारिश करेंगी। जिससे लोगों को मिलने वाली योजनाएं और बेहतर तरीके से लोगों को मिल सके। अल्पसंख्यक और जनजाति कार्य मंत्रालय की तरह पिछड़ा वर्ग के लिए मंत्रालय बनना चाहिए। मंत्रालय बनने से पिछड़ों के लिए बनी योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन हो सकेगा।
संसद में बिल लाना संभव नहीं
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर कहा कि सरकार इसे नियंत्रित करने के लिए प्रयासरत है। लोकसभा में सीटों के बारे में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सम्मानजनक सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। राममंदिर निर्माण के सवाल पर बोलीं कि मामला कोर्ट में है इसलिए संसद में बिल लाना संभव नहीं है। इसलिए फैसला जो भी हो, मान्य होगा। मीटू मामले में फंसे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर कहा कि वह कोर्ट में जा चुके हैं। महिलाओं के लिए कार्यस्थल सुरक्षित होना चाहिए, ताकि वह स्वतंत्र होकर काम कर सकें ।
दल विपरीत विचारधारा के
एनडीए के महागठबंधन के सवाल पर बताया कि अभी ऐसा विचार नहीं है। हां, गठबंधन के लिए विपक्षियों को अपने भविष्य के लिए जरूर सोचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एनडीए के विरोध में बने महागठबंधन में सभी विपक्षी दल विपरीत विचारधारा के हैं इसलिए इनमें तालमेल नहीं बैठ रहा है न कोई सर्वमान्य चेहरा है इस बात को आम जन मानस भली भांति समझ रहा है।
सरदार पटेल किसी एक वर्ग के नहीं
गुजरात में बन रही सरदार पटेल की प्रतिमा पर कहा कि सरदार पटेल किसी एक वर्ग के नहीं बल्कि सारे देश के नेता थे अब मोदी सरकार ने उनकी 182 मीटर ऊंची प्रतिमा बनाकर सच्ची श्रद्धांजलि दी है जिससे पूरा देश उनको श्रद्धांजलि दी रहा है और खुश हैं उनकी याद में नर्मदा नदी के पास 182 मीटर प्रतिमा बनवाई गई है।
बगरौली हवाई अड्डा का नाम हो डा. सोने लाल पटेल
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पिता की पुण्यतिथि पर घोषणा करने के लिए इससे अच्छा दिन नहीं होगा। इलाहाबाद के नाम के बाद अब फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के बगरौली में बने हवाई अड्डा का नाम डा. सोने लाल पटेल एयरपोर्ट रखा जाएगा।
हेल्थ एंड वेलनेस सब सेंटर में बदलें जायेंगे सीएचसी व पीएचसी
आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये की स्वास्थ्य सुविधा हमारी सरकार ने दी है। 40 फीसद जरूरतमंदों को लाभ मिला है। हां, कुछ गलतियां हुईं है जिन्हें गड़बड़ी नहीं कहा जाएगा। कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए सीएचसी व पीएचसी को हेल्थ एंड वेलनेस सब सेंटर में बदलेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आयुष्मान योजना के तहत सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेल्थ सेंटर बनाया जाएगा। जिसमें 12 सुविधाएं मरीजों को प्रदान की जाएगी।