कन्नौज

Kannauj News: ग्रीनफील्ड हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कुचला, तीन की मौत, एक गंभीर

Road Accident:कन्नौज में अलीगढ़-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर एक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
2 min read
May 02, 2026
Feature image
सांकेतिक फोटो

Kannauj Accident:कन्नौज जिले में शनिवार सुबह अलीगढ़-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब सात बजे गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में सराय प्रयाग स्थित मोहन आइस कोल्ड स्टोरेज के सामने हुआ। कस्बा गुरसहायगंज के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी मन्नू उर्फ अनू तिवारी (45) अपने पिता बलवीर तिवारी और 18 वर्षीय बेटी दिव्या तिवारी के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से छिबरामऊ की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान जौनपुर जिले के बभानियावन गांव निवासी अंकेत विश्वकर्मा (28) अपने दोस्त रोहित (30) के साथ दूसरी बाइक से उसी दिशा में जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहन आइस कोल्ड स्टोरेज के सामने दोनों बाइकों में जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी बाइक सवार उछलकर हाईवे पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर गिरे लोगों को कुचल दिया। हादसे में जौनपुर निवासी अंकेत विश्वकर्मा और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। बुलेट सवार मन्नू तिवारी और उनकी बेटी दिव्या तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुरसहायगंज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मन्नू तिवारी को मृत घोषित कर दिया। दिव्या तिवारी की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने हटवाया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की वजह मानी जा रही है।

Updated on:
02 May 2026 09:40 am
Published on:
02 May 2026 09:37 am