युवती ने काम के बहाने बुलवाया कचहरी, वकीलों ने मिलकर चांद मोहम्मद को सजा दी
कानपुर। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अपराध और अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई के आदेश पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही किसी को कानून अपने हाथ में लेने की छूट भी नहीं दी गई। लेकिन कानपुर कचहरी में वकीलों ने एक युवक को तालीबानी सजा दी। युवक को वकीलों ने दबोच लिया और पहले जमकर पीटा, फिर नाई को बुला उसके सिर के आघे बाल और मूंछ मुड़वा दी। इतना ही नहीं वकीलों ने युवक को पूरी कचहरी में घुमाया। इस दौरान जिसकी नजर उस पर पड़ी सभी ने अपने हाथ साफ किए। इसकी जानकारी जब पुलिस को हुई तो वह मौके पर पहुंची और युवक को वकीलों के चंगुल से छुड़ा कोतवाली ले गई।
क्या था पूरा मामला
उन्नाव के माखी क्षेत्र में रहने वाले चांद मोहम्मद का कानपुर में रहने वाली एक युवती से पिछले एक साल से प्रेम-प्रंसग चल रहा था। पहले से शादीशुदा चांद ने युवती से मोबाइल फोन पर दोस्ती की और बाद में उसे शादी के सपने दिखा कर शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि उसने युवती की अश्लील क्लिप बना ली थी और इसके एवज में वह उससे एक लाख रुपए ले चुका था। चांद मोहम्मद में युवती से ब्लैकमेल कर रूपए लेने के लिए कानुपर आया था। युवती उसे रुपए देने के बहाने कचहरी परिसर पर ले गयी। जहां वकीलों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। वहीं उसका आधा सिर,मूछ और दाढी मुढवा कर अर्ध नग्न हालत में उसे क्षेत्र में घुमाकर पिटाई की। किसी तरह मामले की जानकारी पुलिस को हुई और वह चांद मोहम्मद को छुडवा कर कोतवाली ले आयी।
साहब उधार लिए थे पैसे
कोतवाली में चांद मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि युवती के साथ उसका प्रेम-प्रसंग एक साल से चल रहा था। पहली मुलाकात के दौरान मैंने युवती को शादीशुदा होने की जानकारी दे दी थी। युवती को मेरी शादी से कोई एतराज नहीं था। वह जब भी मुझे बुलाती तो मैं माखी से उससे मिलने के लिए कानपुर आ जाया करता था। चांद मोहम्मद ने बताया कि मुझे एक लाख रूपए की आवश्यकता थी। मैंने युवती से उधार पैसे मांगे। उसने मुझे एक लाख रूपए दे दिए। युवती को मैंने कभी ब्लैकमेल नहीं किया। चांद मोहम्मद ने बताया कि वह जुलाई में युवती के पैसे लौटा देता। इसके लिए गांव में मैने अपने खेत गिरवीं रख दिए थे।
सिर के बाल, मूंछ मुंडवाया
चांद मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि युवती ने मुझे काम के चलते कानपुर बुलवाया। मैं उसके बुलाने पर तत्काल शहर आ गया। युवती ने मुझसे कचहरी छोड़ने को कहा। मैं उसे लेकर जैसे ही कचहरी पहुंचा, वहां पहले से कई वकील तैनात थे। उन्होंने मुझे पकड़ लिया और बिना वजह बताए पीटने लगे। वकीलों ने बेहरमी से पिटाई के बाद मेरे सिर के आधे बाल के साथ मूंछ मुड़वा दी। वकीलों ने शरीर के सारे कपड़े फाड़ डाले और कचहरी के अलावा सड़क पर घुमाया। जो भी आता वह मुझे पीटता। इस दौरान मैं पिटाई से घायल हो गया तो किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके चलते मेरी जान बच गई।
नहीं मिली तहरीर
मामले पर एसपी अनुराग आर्या ने बताया कि युवती ने पुलिस के पास आकर शिकायत नहीं की। युवक को पीटे जाने के बाद सिर व मूंछ मुड़वाने का मामला सामने आया है। युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून अपने हाथ लेने की छूट नहीं है। पुलिस युवती के पते पर गई, लेकिन वो घर पर नहीं थी। युवती को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की जाएगी। साथ ही पीटने वाले वकीलों को भी चिन्हत किया जाएगा।