
कानपुर। भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजेपेयी का अस्थि कलश यूपी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा और बीजपी के संगठन मंत्री देवेश कोरी लखनऊ से कानपुर लेकर पहुंचे। अस्थि कलश पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए औधोगिक नगरी कानपुर की सड़कों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। नेता-प्रजा ने जाति-धर्म के इतर अपने प्रिय नेता की अस्थियों के दर्शन के लिए सुबह से जाजमऊ में डटे थे और जैसे ही कलश यात्रा का काफिला शहर पहुंचा तो अटल जी के जयकारे से जहां पूरा इलका सराबोर हो गया, वहीं मां गंगा की लहरों से अटल जी के नाम की धुन सुनाई देने लगी। सैकड़ों लोग अस्थि कलश के चल पड़े और गली-मोहल्लों से होते हुए शाम को बिठूर के ब्रम्हवर्त स्थित घाट में पहुंची। यहां पर डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने अस्थि कलश को अपने हाथों में लेकर 11 आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चर के साथ में गंगा के जल में अस्थि विसर्जन किया। इस दौरान यहां मौजूद इंसानों के अांख में आंसू छलख आए तो उफनाई मां गंगा की लहरें कुछ देर के रूक गई और मानौ वो भी जनप्रिय नेता की शोक में रो पड़ी।
मंत्री रजा लेकर पहंचे थे कानपुर
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का अस्थि कलश लेकर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसीन रजा जाजमऊ गंगापुल पहुंचे। कलश रथ के साथ अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रीमोहसिन रजा व प्रदेश मंत्री देवेश कोरी साथ यहां पर पहुंचे चारों ओर से अटल जी के नाम के जयकारे गूंजने के साथ ही पुष्प वर्षा होने लगी। इस दौरान उनकी कविता ‘जितनी जिया मैं जी भर जिया, मैं मन से मरू, लौट कर आऊंगा, कूच से क्यों डरू’, के साथ ही हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पे लिखता मिटाता हूं गीत नया गाता हूं की पंक्तियां हर किसी के जेहन में उठने लगी। शहर में जिन-जिन क्षेत्रों से अस्थि कलश रथ यात्रा गुजरी, इसके दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। महान नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दल समेत कई समाज सेवी संगठन के लोगों ने जगह-जगह श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए व श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए खड़े थे।
फूलों से पट गई सड़क
जाजमऊ विश्वकर्मा द्वार पर पहले झांसी जा रही अटल जी की अस्थि कलश यात्रा गुजरी। उसके कुछ देर बाद ही कानपुर लाई जा रही अटल जी की अस्थि कलश यात्रा जाजमऊ पहुंची। यहां भारी संख्या में मौजूद लोगों की भीड़ देखने लायक थी। हर किसी के हाथ मे पुष्प थे, क्योंकि यात्रा को रुकना नहीं था। इसलिए धीरे-धीरे रथ आगे बढ़ता रहा और लोगों ने इस महान नेता के अस्थि कलश के दर्शन कर, पुष्प वर्षा की और नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। अस्थि कलश रथ में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, सत्यदेव पचौरी, मंत्री मोहसिन रजा मौजूद रहें। जाजमऊ पर अस्थियों के अंतिम दर्शन करने के बाद यात्रा आगे बढ़ी। दोपहर 2ः22 बजे यात्रा हरजेंदर नगर पहुंची। इस दौरान लोगों ने अटल जी की अस्थियों पर फूलों की वर्षा की। जैसे जैसे कलश यात्रा आगे बढ़ रही थी लोग फूलों की बरसात कर रहे थे। हरजेंदर नगर से यात्रा लालबंगला में दाखिल हुई वैसे ही यहां फूलों की ऐसी बरसात हुई कि लालबंगला की पूरी सड़क गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों से पट गई थी।
कांग्रेस ने पुष्ववर्षा कर किया नमन
इस दौरान कांग्रेसियों ने भी अटल जी के अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजली दी। कांग्रेस शहर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने कहा, भारत रत्न अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हिन्दू, मुस्लिम सभी दल के लोग यहां मौजूद हैं। ऐसे महान व्यक्तित्व को हम सभी नमन करते हैं। आज हम सभी ने उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि दी। कहा, व्यक्तित्व होना मुश्किल है। वे सभी के प्रिय थे, चाहे कोई भी दल हो। उनके सच्चे विचारों को हर दल के लोग पसंद करते थे। हम सभी अटल जी के बताए हुए मार्गों का अनुशरण कर आगे बढ़ेंगे। वे हमेशा हमारे दिलों में जिंदा हैं।
35 किमी चली कलश यात्रा
जाजमऊ से शुरू हुआ अटल जी की अस्थि कलश रथ 35 किमी का सफर तय कर शहर के प्रमुख चौराहे से होता हुआ बिठूर पहुचा। यहां पर करीब 5ः30 बजे 11 आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजा व मंत्रोच्चार के बाद भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को विसर्जित कर दिया गया। अटल जी की पौत्री नंदिता, उनके पति सुमित मिश्रा, नातिन रेखा पांडेय, नाती अभिषेक पांडेय और देवर्षि शर्मा के साथ ही के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री सत्यदेव पचौरी, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, खनन राज्यमंत्री अर्चना पांडेय और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी यहां मौजूद रहें। इस मौके पर सतीश महाना ने कहा कि अटल जी की राजनीति की शिक्षा कानपुर में ली और प्रधानमंत्री से लेकर कई अहम जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए देश की आगे ले जाने में योगदान दिया। कानपुर वासी उन्हें कभी नहीं भूला पाएंगे। जो मशाल उन्होंने राजनीति की जलाई है वह हम सभी के दिलों में जलती रहेगी।