कानपुर

बदमाशों के तेवर देखिए, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के घर के सामने ही लूट

दोनों बदमाश मोहल्ले की संकरी गलियों में कहीं गुम हो गए। बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से दहशत फैलना मुमकिन था।
2 min read
• •
Updated: 14 May 2018, 7:38 AM IST
chain snatching

कानपुर . पुलिस का इकबाल नहीं बचा है। बेखौफ बदमाशों ने योगी सरकार में कद्दावर मंत्री सतीश महाना के घर के ठीक सामने एक महिला की चेन को लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश आराम से भाग निकले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की लापरवाही देखिए। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलेगी तभी कार्रवाई करेंगे। गौरतलब है कि लालबंगला क्षेत्र यानी चकेरी थानाक्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। दो दिन पहले चकेरी पुलिस चौकी के करीब भी बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दिन-दहाड़े एक महिला की चेन लूटी थी।


चेन छीनने के बाद गलियों में गुम हो गए बदमाश

जानकारी के मुताबिक, शुक्लागंज की रानी साहू अपने पति दिनेश के साथ सुभाष रोड स्थित काली मंदिर में दर्शन करने आई थीं। मंदिर से बाहर निकलते वक्त बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर रानी के गले में पड़ी चेन को खींच लिया। रानी जबतक कुछ समझतीं, बदमाश बाइक से भाग निकले थे। रानी के शोर मचाने पर आसपास के लोग लपके और पीछा किया, लेकिन दोनों बदमाश मोहल्ले की संकरी गलियों में कहीं गुम हो गए। बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से दहशत फैलना मुमकिन था। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 100 ने रानी साहू से पूछताछ करने के बाद इलाके में कांबिंग कराई, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा


पुलिस का लापरवाह रवैया फिर सामने आया

सूचना के बाद करीब आधे घंटे बाद इलाके के विभिन्न चौराहों पर रानी के बताए हुलिए के अनुसार बदमाशों की खोज और वाहनों की चेकिंग कराई गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस घटना को लेकर पुलिस का लापरवाह रवैया फिर सामने आया है। कैबिनेट मंत्री के घर के सामने घटना हुई है, लेकिन पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर का इंतजार कर रही है। चकेरी थाने का कहना है कि महिला या उनके पति की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। जब वह लिखित सूचना देंगे तो कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि चकेरी थाना क्षेत्र में लुटेरों और चोरों के हौसले बुलंद हैं। कई घटनाएं इलाके में हो चुकी हैं। चकेरी चौकी के पास केडीए चौराहे पर दो दिन पहले भी चेन लूटी गई थी। रामादेवी चौराहे पर युवती का मोबाइल लूटा गया था, लेकिन तहरीर नहीं मिलने के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं करती है।

Published on: