
कानपुर. चकेरी थानाक्षेत्र के वार्ड 58 में वोटिंग करने पहुंचे मतदाताओं ने हंगामा काटा। मतदाताओं का आरोप है की ईवीएम में किसी भी पार्टी का बटन दबाने पर बीजेपी में वोट जा रहा है। मतदाताओं ने कहा कि साइकिल व पंजा का बटन दबाने पर कमल के निशान पर बत्ती जलती है। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस और अलाधिकारियों ने ईवीएम को देखा और गलतफहमी को दूर कर लोगों को किसी तरह शांत कराया।
बूथ संख्या 58 का मामला
चकेरी के तिवारीपुर वार्ड में बूथ 58 पर वोटिंग करके निकले मतदाताओं ने आरोप लगाया कि चाहे किसी भी पार्टी के पक्ष में वोट डालो वो सब बीजेपी में जा रहा है। विपक्षी पार्टी के लोगों को जब जानकारी हुयी तो उन्होंने बूथ के बाहर हंगामा काटना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है की चाहे पंजे का बटन दबाओ या साइकिल का लेकिन बत्ती केवल कमल की जल रही है। जब कमल का बटन दबाया जा रहा है तब केवल कमल की बत्ती जल रही है। लोगों का कहना है की यह आम जनता के साथ धोखा किया जा रहा है।
भाजपा को जिताने के लिए खेल
मतदाताओं ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के खिलाफ बड़ी साजिश की है। ईवीएम को पहले ही फिक्स कर दिया गया है। बटन हम अपने अनुसार दबाते हैं, लेकिन वोट सीधे कमल को जाता है। अशरफ ने बताया कि वो परिवार के समेत वोट डालने के लिए बूथ आए। पत्नी ने वोट देकर बाहर निकली और एईवीएम की करतूत बयां की । हम भी बूथ के अंदर जाकर अपने मत के लिए बटन दबाया, लेकिन बत्ती कमल के निशान वाले चिन्ह पर जली।
सपा और कांग्रेसी पहुंचे
ईवीएम की गड़बड़ी की सूचना पर कांग्रेस और सपा के नेता बूथ पर आ धमके पर हंगमा करने लगे। सपा नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने कहा कि हम लोगों को पहले पता था कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए ईवीएम के साथ छेड़छेड़ करवा सकती है और हमारा सच सही साबित हुआ। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि जिला प्रशासन भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। ईवीएम के साथ छेड़छेड़ की गई है। हमने यूपी के चुनाव आयुक्त से शिकायत दर्ज करा दी है।