शहर में प्रतिबंधित पॉलिथीन की सप्लाई करने के लिए लाई गई 24 टन पॉलिथीन को नगर निगम ने जब्त कर लिया है. ट्रक में पकड़ी गई पॉलिथीन 50 माइक्रॉन से कम की है. कुछ दिन पहले इसी ट्रक को स्टेट जीएसटी विभाग की ओर से पकड़ा गया था.
कानपुर। शहर में प्रतिबंधित पॉलिथीन की सप्लाई करने के लिए लाई गई 24 टन पॉलिथीन को नगर निगम ने जब्त कर लिया है. ट्रक में पकड़ी गई पॉलिथीन 50 माइक्रॉन से कम की है. कुछ दिन पहले इसी ट्रक को स्टेट जीएसटी विभाग की ओर से पकड़ा गया था. ट्रक बिना स्टेट जीएसटी दिए ही कानपुर से गुजर रहा था. विभाग की ओर से पिछले दिनों जैसे ही इसे छोड़ा गया, विभाग के बाहर से नगर निगम ने इस ट्रक को पकड़ लिया और पॉलिथीन को जब्त कर लिया. पकड़ी गई पॉलिथीन की कुल कीमत 13.50 लाख रुपए बताई गई है.
ऐसी मिली है जानकारी
उधर, विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह पॉलिथीन दादा नगर की एक फैक्ट्री में उतारी जानी थी, जहां से इसको शहर में सप्लाई किया जाना था. इससे एक बात तो तय है कि इसके शहर में सप्लाई होते ही धड़ल्ले के साथ मार्केट में पॉलिथीन दिखनी शुरू हो जाती और एक बार फिर से इस मुहीम के नाम पर मजाक बनकर रह जाता.
ऐसा कहना है अपर नगर आयुक्त का
इस पूरे वाक्ये के बार में अपर नगर आयुक्त अमृत लाल बिंद कहते हैं कि नगर निगम ने 24 टन प्रतिबंधित पॉलिथीन से लदे ट्रक को जब्त कर लिया गया है. वहीं अब फाइनली जब्तीकरण की कार्रवाई पूरी की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद इस बात का पता लगाया जाएगा कि ये पूरे का पूरा माल आखिर किसके माध्यम से सप्लाई किया जा रहा था, ताकि इस कार्य पर आगे के लिए पूरी तरह से रोक लगाई जा सके.
ऐसे चल रही थी मुहिम
गौरतलब है कि पिछले दिनों शहर में पॉलिथीन सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. इतना ही नहीं, किसी भी हाथ या दुकान में पॉलिथीन मिलने को आपराधिक कृत्यों में शुमार कर दिया गया था. शुरू-शुरू में तो इस मुहिम का सख्ती के साथ पालन किया गया. वहीं कुछ दिनों बाद फिर से चोरी-छिपे ही सही, लेकिन दुकानदारों और आम लोगों को पॉलिथीन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया.