कानपुर

कानपुर की हवा हुई जहरीली: नेहरू नगर में AQI 316, जाजमऊ और कल्याणपुर में भी सांस लेना मुश्किल

Kanpur Air Pollution:दिवाली के बाद कानपुर की हवा जहरीली हो गई है। नेहरू नगर में एक्यूआई 316, जबकि जाजमऊ और कल्याणपुर में 306 दर्ज किया गया। बढ़ते प्रदूषण से बच्चों, बुजुर्गों और सांस रोगियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 4:22 PM IST
Kanpur News
सांकेतिक फोटो

Kanpur News: दिवाली की आतिशबाजी के बाद कानपुर की हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 के पार पहुंच गया है। नेहरू नगर में एक्यूआई 316 दर्ज किया गया, जबकि जाजमऊ और कल्याणपुर में भी प्रदूषण का स्तर 306 तक पहुंच गया। शहर का औसत एक्यूआई 212 से 262 के बीच बना हुआ है। ऐसे में लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए स्थिति अधिक चिंताजनक है। यह जानकारी सीएसए मौसम विशेषज्ञ एस.एन.सुनील पांडे ने दी।

नेहरू नगर और जाजमऊ में सबसे ज्यादा प्रदूषण

रियल टाइम मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के मुताबिक, नेहरू नगर में एक्यूआई 316 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं जाजमऊ में एक्यूआई 306 तक पहुंच गया। यहां हवा में पीएम 2.5 का स्तर 228 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। कल्याणपुर में भी एक्यूआई 306 तक पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

बर्रा, दबौली और गोविंद नगर में भी खराब हवा

शहर के अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का असर साफ दिखाई दे रहा है। अहिरवां में एक्यूआई 267 दर्ज किया गया। यहां भारी वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण बढ़ाने की वजह मानी जा रही है। बर्रा-2 और दबौली में एक्यूआई 233 से 243 के बीच बना हुआ है। वहीं गोविंद नगर और गुमटी नंबर पांच में प्रदूषण का स्तर 230 से 280 के बीच दर्ज किया गया। घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों वाले इन क्षेत्रों में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है।

आईआईटी और किदवई नगर में स्थिति थोड़ी बेहतर

प्रदूषण के मामले में एफटीआई किदवई नगर और आईआईटी कानपुर परिसर की स्थिति शहर के दूसरे इलाकों की तुलना में कुछ बेहतर है। यहां एक्यूआई 154 से 193 के बीच दर्ज किया गया। हालांकि ये आंकड़े भी पूरी तरह स्वच्छ हवा का संकेत नहीं देते। इन क्षेत्रों में भी प्रदूषण का स्तर सामान्य से अधिक बना हुआ है।

रात में तापमान गिरने से जमीन के करीब जमा हो रहे प्रदूषक कण

रात के समय हवा की रफ्तार धीमी होने और तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से प्रदूषण की समस्या और बढ़ रही है। पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कण वातावरण में फैलने के बजाय जमीन के करीब जमा हो रहे हैं। इससे कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी परत दिखाई दे रही है। दिवाली की आतिशबाजी से निकले धुएं के साथ मौसम में बदलाव ने भी स्थिति को गंभीर बना दिया है।

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत

खराब हवा के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग अनावश्यक रूप से देर रात और सुबह के समय बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर एन-95 मास्क का इस्तेमाल करें। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा समेत सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। खुले में व्यायाम और दौड़ने से भी फिलहाल बचना बेहतर है। आंखों में जलन, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।

Updated on:
9 Nov 2026, 4:22 PM IST
Published on: