कानपुर

Kanpur News:16 मिनट और 16 रुपये का ऑफर पड़ा भारी, जन्मदिन पर मिला मुकदमे का तोहफा, दर्ज हुआ मुकदमा

Social Media Sale Offer:कानपुर के आलम मार्केट में जन्मदिन पर ₹16 में कपड़े देने के प्रचार से भारी भीड़ जुट गई। देर रात अफरा-तफरी और हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति संभाली। दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक नामजद आरोपी को हिरासत में लिया गया।
2 min read
Aug 16, 2026
Kanpur
सांकेतिक फोटो

16 Minute 16 Rupees Offer:कानपुर के अनवरगंज क्षेत्र के आलम मार्केट में जन्मदिन के मौके पर ₹16 में कपड़ा देने का प्रचार दुकानदार को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया और स्थानीय प्रभावशाली लोगों के माध्यम से प्रसारित किए गए विशेष प्रस्ताव के बाद दुकान पर खरीदारों की भारी भीड़ जुट गई। भीड़ बढ़ने के साथ ही वहां अफरा-तफरी मच गई और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को पहुंचकर लोगों को हटाना पड़ा। मामले में पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक नामजद आरोपी को हिरासत में लिया है।

सोशल मीडिया पर प्रचारित हुआ था ₹16 में सामान देने का ऑफर

आलम मार्केट स्थित ‘आलमस मार्ट’ के संचालक रईस आलम ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विशेष सेल का प्रचार कराया था। सोशल मीडिया और कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोगों के माध्यम से लोगों को बताया गया कि महज 16 मिनट के दौरान ₹16 में कोई भी सामान अथवा कपड़ा दिया जाएगा। आकर्षक प्रस्ताव की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आलम मार्केट पहुंचने लगे।

भीड़ बढ़ने पर बिगड़ी स्थिति

दुकान के बाहर कुछ ही देर में ग्राहकों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ इतनी बढ़ गई कि रास्ते में भी आवागमन प्रभावित होने लगा। देर रात स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी और अफरा-तफरी के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। दुकानदार और ग्राहकों के बीच कहासुनी भी हुई। इसी दौरान लोगों के बीच धक्का-मुक्की और लाठी चलने की बात सामने आई।

पुलिस ने पहुंचकर संभाली व्यवस्था

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में चेकिंग और गश्त चल रही थी। इसी दौरान अनवरगंज पुलिस को आलम मार्केट में भारी भीड़ और हंगामे की सूचना मिली। पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को वहां से हटाया। हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को सामान्य कराया गया। पुलिस के पहुंचने के बाद बाजार में कानून-व्यवस्था बहाल हुई।

दुकानदार के खिलाफ मुकदमा, एक आरोपी हिरासत में

सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि दुकानदार की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से ₹16 में किसी भी प्रकार का कपड़ा उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव प्रसारित किया गया था। इसके चलते दुकान पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। मामले में दुकानदार के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है और एक नामजद अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में अन्य आवश्यक विवेचनात्मक और विधिक कार्रवाई जारी है।

Updated on:
16 Aug 2026 03:54 pm
Published on:
16 Aug 2026 03:54 pm