कानपुर

Kanpur News: बैडमिंटन विवाद में मां-बेटे से मारपीट, 10 माह बाद FIR

Kanpur Crime News:कानपुर के कल्याणपुर स्थित नानकारी में बैडमिंटन खेलने को लेकर विवाद में मां-बेटे से मारपीट का आरोप लगा। पुलिस से शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर करीब 10 माह बाद तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज हुआ।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
cime sceen photo
simbolic photo

Court Order FIR: कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में बच्चों के बीच बैडमिंटन खेलने को लेकर हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दंपती और उनकी मां ने महिला के घर में घुसकर उसके बच्चे के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिला को भी पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि थाने से लेकर पुलिस आयुक्त तक शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार न्यायालय की शरण लेने के बाद घटना के करीब 10 माह बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

नानकारी की देना बैंक कॉलोनी में हुई घटना

मामला कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नानकारी स्थित देना बैंक कॉलोनी का है। यहां रहने वाली संध्या के मुताबिक, 14 दिसंबर 2025 की शाम करीब चार बजे उनके बच्चे का पड़ोस में रहने वाले उदय के बच्चों से बैडमिंटन खेलने को लेकर विवाद हो गया था। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद इस हद तक बढ़ जाएगा।

बच्चे के पीछे घर में घुसे, मां से भी मारपीट का आरोप

संध्या ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद पड़ोसी उदय, उनकी पत्नी सीमा और उनकी मां कुसुम देवी उनके बच्चे को मारने के लिए दौड़े। खुद को बचाने के लिए बच्चा घर के अंदर भाग गया। आरोप है कि तीनों उसके पीछे घर में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे।बच्चे को बचाने के लिए संध्या ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना के बाद संध्या ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

थाने और पुलिस आयुक्त से शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

पीड़िता के अनुसार, वह शिकायत लेकर कल्याणपुर थाने पहुंचीं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद 29 दिसंबर 2025 को पुलिस आयुक्त से भी शिकायत की गई। आरोप है कि यहां से भी राहत नहीं मिलने पर उन्होंने न्यायालय में वाद दाखिल किया।

न्यायालय के आदेश पर तीन के खिलाफ मुकदमा

मामले की सुनवाई के बाद द्वितीय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कानपुर नगर ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद कल्याणपुर पुलिस ने उदय, उनकी पत्नी सीमा और मां कुसुम देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। घटना 14 दिसंबर 2025 की है, जबकि मुकदमा अक्टूबर 2026 में दर्ज हुआ। इस तरह घटना के करीब 10 माह बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की।

एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
19 Oct 2026 03:52 pm
Published on:
19 Oct 2026 03:52 pm