कानपुर

Kanpur News:पति को जेल से छुड़ाने की जिद में टावर पर चढ़ी युवती,घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

Kanpur Tower Drama:कानपुर कचहरी परिसर में पति की रिहाई की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घंटों समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। युवती के पति पर अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

2 min read
May 12, 2026
मोबाइल टावर पर महिला

कानपुर में मंगलवार को कचहरी परिसर के बाहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवती अपने पति को जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर पुलिस कार्यालय के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवती को नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

घंटों चली बातचीत, पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा

पुलिस अधिकारियों ने युवती से लगातार बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाने और काउंसलिंग के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया। इस दौरान कचहरी परिसर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और मौके पर तनाव जैसी स्थिति बनी रही।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवती मानसिक तनाव में थी और अपने पति की रिहाई की मांग कर रही थी। युवती बार-बार यही कह रही थी कि उसके पति को जेल से छोड़ा जाए। पुलिस ने धैर्यपूर्वक बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

अपहरण और पॉक्सो एक्ट का है मामला

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की मां ने अक्टूबर 2025 में थाना सचेंडी में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाईं। इसके बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। हालांकि मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।जिसके चलते युवती और आरोपी युवक ने शादी कर ली थी। लेकिन विवेचना पूरी कर नवंबर 2025 में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया था। जिसके बाद आरोपी युवक न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा दिया गया था। मंगलवार को इसी मामले में कोर्ट में तारीख थी, जिसके दौरान युवती ने यह कदम उठा लिया।

पुलिस ने शुरू कराई काउंसलिंग

कानपुर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है और परिवारजनों व अधिवक्ताओं से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

Updated on:
12 May 2026 04:29 pm
Published on:
12 May 2026 04:28 pm
Also Read
View All