30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kanpur News:ताला ठीक करने आए थे दो युवक, अलमारी की चाबी लेकर बुजुर्ग को उलझाया और पांच लाख का माल ले उड़े

Crime News:कानपुर के कल्याणपुर में ताला ठीक करने के बहाने दो युवक रिटायर्ड बैंककर्मी के घर में घुसे और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर व 35 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गए।
2 min read
Google source verification
Kanpur News

सांकेतिक फोटो- पत्रिका

Kanpur Crime News:कानपुर के कल्याणपुर की सत्यम विहार कॉलोनी में ताला ठीक करने के बहाने घर में घुसे दो शातिर युवकों ने 72 वर्षीय रिटायर्ड बैंककर्मी को बातों में उलझाकर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और 35 हजार रुपये नकद पार कर दिए। वारदात के समय बुजुर्ग घर में अकेले थे। उनकी पत्नी रक्षाबंधन मनाने मायके गई थीं। शनिवार शाम पत्नी के लौटने पर अलमारी खोली गई तो चोरी का पता चला। परिवार के मुताबिक, करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गेट का ताला ठीक कराने के लिए बुलाया था

सत्यम विहार कॉलोनी निवासी दुर्गेश नारायण खन्ना (72) इलाहाबाद बैंक से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को पत्नी मधु खन्ना मायके गई थीं। दोपहर में वह घर पर अकेले थे। इसी दौरान गली से दो युवक ताला-चाबी ठीक करने की आवाज लगाते हुए निकले। मुख्य गेट का ताला ठीक कराने के लिए उन्होंने दोनों को घर बुला लिया।ताला देखने के बाद युवकों ने गोल चाबी मांगी। दुर्गेश नारायण ने अपनी अलमारी की चाबी उन्हें दे दी। चाबी पहले से कुछ टेढ़ी थी, इसलिए उसे ठीक करने के लिए भी कहा।

पानी और तेल मांगकर बुजुर्ग को किया व्यस्त

अलमारी के पास पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने एक के बाद एक बहाने बनाने शुरू कर दिए। पहले पानी मांगा, फिर तेल की मांग की। इसके बाद चाबी गर्म करने की बात कहकर बुजुर्ग को रसोई की तरफ भेज दिया।आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने अलमारी की चाबी से ताला खोलकर उसमें रखे दो सोने के हार, एक ब्रेसलेट, चांदी के सिक्के और करीब 35 हजार रुपये निकाल लिए। सामान बैग में रखने के बाद दोनों ने बुजुर्ग से कहा कि अलमारी दो-तीन घंटे बाद खोलें। इसके बाद दोनों युवक वहां से निकल गए।

पत्नी के लौटने पर खुला चोरी का राज

शनिवार शाम मधु खन्ना मायके से घर लौटीं। अलमारी खोलने पर जेवर और नकदी गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग से पूछताछ के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिवार ने करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी चोरी होने की जानकारी दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों को चिह्नित कर उनकी पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।