
Kanpur Cow Slaughter Police Encounter: कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में गोवंश वध के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पीछा किए जाने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार, दो अवैध तमंचे, कारतूस और गोवंश वध में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए हैं। वहीं, इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, बाबा कुआं चौकी क्षेत्र में उपनिरीक्षक विश्व प्रकाश पाण्डेय अपनी टीम के साथ शिवराजपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शिवली की ओर से तेज रफ्तार काले रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार को तेज गति से भगाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा शुरू कर दिया। जादेपुर घस्सा गांव जाने वाले मार्ग पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे उतर गया। कार रुकते ही उसमें सवार दो युवक उतरकर भागने लगे। पुलिस के करीब पहुंचने पर दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
घायल आरोपियों ने अपनी पहचान मुबीन अहमद निवासी दलेलपुरवा, थाना अनवरगंज और शाहनवाज निवासी कुली बाजार, थाना बादशाही नाका के रूप में बताई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने 7 जुलाई की रात बाबा कुआं चौकी क्षेत्र में हुई गोवंश वध की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पूछताछ के दौरान इस वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की ब्रेजा कार, दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक चापड़ और एक चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि 7 जुलाई को चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुई गोवंश वध की घटना की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।