
UP Crime News:उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां गुजैनी थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर ने प्रेमिका से विवाद के बाद ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या करने से ठीक पहले इस किशोर ने अपने मोबाइल पर एक भावुक स्टेटस लगाया था जिसमें लिखा था- इंजॉय योर लाइफ। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कानपुर के मेहरबान सिंह का पुरवा इलाके में रहने वाले मुन्ना गुप्ता का 17 साल का बेटा सौरभ दादा नगर की एक फैक्ट्री में काम करता था। रविवार शाम करीब छह बजे सौरभ घर से यह कहकर निकला था कि वह बाजार से किराने का सामान लेने जा रहा है। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच पुलिस से सूचना मिली कि गुजैनी ब्लॉक के पास रेलवे ट्रैक पर एक किशोर का शव मिला है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान सौरभ के रूप में की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सौरभ का अपने ही क्षेत्र की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले करीब 10 दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। इस अनबन की वजह से वह काफी मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसी परेशानी और अवसाद के चलते सौरभ ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया और अपनी जिंदगी खत्म कर ली।
सौरभ की बहन रूबी ने बताया कि मौत को गले लगाने से पहले उसके भाई ने मोबाइल पर कई भावुक स्टेटस अपडेट किए थे। अपने एक स्टेटस में उसने लिखा था कि किसी को प्यार करो तो ऐसे करो कि वह आपको मिले या न मिले लेकिन उसे आपकी मोहब्बत हमेशा याद रहे। इसके बाद रात 10 बजकर 25 मिनट पर उसने टूटे दिल की बात लिखते हुए अपना आखिरी स्टेटस लगाया जिसमें अंग्रेजी में 'इंजॉय योर लाइफ' लिखा था। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल इस मामले में परिजनों की तरफ से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।