
Kanpur Crime News:कानपुर में ससुराल में बेटी को मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था। यह आरोप पश्चिम बंगाल में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष एकता बगारिया ने लगाया है। उनका कहना है कि बेटी के ससुर ने कोलकाता फोन कर उसे कानपुर से ले जाने के लिए कहा और किसी घटना या दुर्घटना की जिम्मेदारी लेने से इन्कार कर दिया। एकता की तहरीर पर कल्याणपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एकता बगारिया के मुताबिक, उनकी बेटी ध्वनि बगारिया की शादी कानपुर के कल्याणपुर स्थित आवास विकास-1 निवासी सरोज यादव के बेटे से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी के ससुर उस पर नौकरी छोड़कर कानपुर आने और ससुराल की संपत्ति की देखभाल करने का दबाव बना रहे थे। इस दबाव के चलते बेटी ने नौकरी छोड़ दी और कानपुर आ गई।
एकता का आरोप है कि कानपुर आने के बाद बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उसके साथ रोजाना अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाता था। इससे बेटी मानसिक तनाव से गुजर रही थी। एकता के अनुसार, बेटी को उम्मीद थी कि ससुराल में परिस्थितियां सामान्य रहेंगी, लेकिन उसे लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा।
एकता बगारिया ने बताया कि तीन दिन पहले उनका दामाद बिना कुछ बताए घर से चला गया। इसके दो दिन बाद बेटी के ससुर सरोज यादव ने कोलकाता फोन किया। आरोप है कि उन्होंने एकता से कहा कि वह कानपुर आकर अपनी बेटी को ले जाएं। साथ ही यह भी कहा कि यदि कोई घटना या दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी।ससुर की ओर से कही गई इस बात के बाद एकता बगारिया ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने और आर्थिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामले में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि एकता बगारिया की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।