कानपुर

Kanpur News:हाइटेंशन लाइन की चपेट में आया राजमिस्त्री, तीसरी मंजिल से गिरकर मौत

Kanpur Construction Worker Death: हनुमंत विहार में निर्माणाधीन मकान में काम करते समय 11 हजार वोल्ट की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर राजमिस्त्री तीसरी मंजिल से गिर गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने मकान मालिक पर दबाव बनाकर काम कराने का आरोप लगाया।

less than 1 minute read
Mar 09, 2026
Feature image

कानपुर। हनुमंत विहार क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में काम करते समय हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने मकान मालिक पर जबरन काम कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

तीसरी मंजिल पर प्लास्टर करते समय हुआ हादसा

सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी 35 वर्षीय पवन कुमार राजमिस्त्री का काम करते थे। परिवार में पत्नी शीलू और दो बच्चे हैं। बड़े भाई सरवन के अनुसार पवन पिछले करीब ढाई माह से हनुमंत विहार स्थित एक चार मंजिला मकान में निर्माण कार्य कर रहे थे।परिजनों का आरोप है कि रविवार को पवन ने मकान मालिक से मेहनताना का हिसाब करने की बात कही थी, लेकिन उसने काम पूरा होने के बाद भुगतान करने की बात कहकर दबाव बनाते हुए काम कराने लगा। इसी दौरान तीसरी मंजिल पर प्लास्टर करते समय पास से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से पवन संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल पवन को आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए और मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
09 Mar 2026 08:11 pm