
कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के चरगांव में एक युवक ने बड़े भाई की डांट से आहत होकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित अमरूद के बाग में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चरगांव निवासी राजेश (21) एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों के मुताबिक उसे शराब पीने की आदत थी, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार रात वह शराब पीकर घर पहुंचा तो बड़े भाई नरेश ने उसे डांटते हुए भविष्य में नशा न करने की चेतावनी दी।बताया जा रहा है कि भाई की डांट से नाराज होकर राजेश घर से निकल गया। घर से निकलने के बाद उसने फिर से शराब पी और अपने साथ घर से एक चादर लेकर पास के अमरूद के बाग में पहुंच गया। वहां उसने चादर का फंदा बनाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
जब राजेश भोजन के लिए घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जब परिजन पास के बाग में पहुंचे तो वहां उसका शव अमरूद के पेड़ से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना पर सचेंडी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के शराब का आदी होने और भाई की डांट से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
09 Mar 2026 05:54 pm
Published on:
09 Mar 2026 05:54 pm
