
कानपुर में 10 मार्च को लगने वाले ऐतिहासिक गंगा मेला और हटिया मेला/जुलूस को लेकर प्रशासन ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया है। हर साल की तरह इस बार भी हजारों की संख्या में लोग सरसैय्या घाट और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचेंगे। भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन लागू कर दिया है। खासतौर पर वीआईपी रोड पर सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मेला के दिन वीआईपी रोड का इस्तेमाल न करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।
ट्रैफिक प्लान के अनुसार मेघदूत चौराहा से कोई भी वाहन वीआईपी रोड होते हुए सरसैया घाट चौराहा की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन मेघदूत चौराहा से बड़ा चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। इसी तरह मर्चेंट चेंबर तिराहा से आने वाले वाहन, जिन्हें ग्रीन पार्क चौराहा होकर सरसैया घाट जाना है, वे ग्रीन पार्क चौराहा से आगे नहीं बढ़ पाएंगे। ऐसे वाहनों को दाहिने मुड़कर एमजी कॉलेज चौराहा के रास्ते भेजा जाएगा। सरसैया घाट चौराहा से भी घाट की ओर किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को चेतना चौराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं चेतना चौराहा से भी सरसैया घाट की तरफ वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहन चालक पुलिस ऑफिस तिराहा या व्यायामशाला तिराहा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
डीएवी तिराहा से सरसैया घाट चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। ऐसे वाहन दाहिने मुड़कर मधुबन तिराहा के रास्ते आगे बढ़ेंगे। वहीं किला तिराहा की तरफ से आने वाले वाहन, जिन्हें गुप्तार घाट होते हुए सरसैया घाट जाना है, उन्हें गुप्तार घाट तिराहा से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को बाएं मुड़कर व्यायामशाला तिराहा और मेघदूत तिराहा के रास्ते भेजा जाएगा।
गंगा मेला में आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। महिला थाना से जेल रोड तक सड़क के दोनों किनारों पर और नवीन सभागार कैंपस में वीआईपी पार्किंग रहेगी। सरसैया घाट पर पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने मीडिया पार्किंग बनाई गई है। इसके अलावा चेतना चौराहा स्थित जेएनके इंटर कॉलेज मैदान, ग्रीन पार्क स्टेडियम के आसपास की सड़कें (वीआईपी रोड को छोड़कर), फूलबाग अंडरग्राउंड पार्किंग और क्राइस्ट चर्च कॉलेज मैदान में भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड वाहनों को डायवर्जन से पूरी तरह मुक्त रखा गया है। इनकी निगरानी कंट्रोल रूम और आईसीसीसी के माध्यम से की जाएगी। यदि कहीं जाम की स्थिति बनती है तो ग्रीन कॉरिडोर बनाकर इन वाहनों को तुरंत निकाला जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और मेला के दिन भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचें। किसी भी समस्या की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9305104340 और ट्रैफिक हेल्पलाइन 9305104387 पर संपर्क किया जा सकता है।साथ ही वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को तुरंत रास्ता दें, क्योंकि आपकी एक छोटी सी जागरूकता किसी की जान बचा सकती है।
Published on:
08 Mar 2026 09:16 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
