9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:तहसील परिसर में चप्पलों से पिटा वैज्ञानिक, महिला-बेटियों ने कार से खींचकर की पिटाई, वीडियो वायरल

Kanpur Tehsil Assault:कानपुर के घाटमपुर तहसील परिसर में महिला और उसकी दो बेटियों ने झांसी में तैनात फॉरेंसिक वैज्ञानिक की चप्पलों से पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज किया, वहीं महिला ने वैज्ञानिक पर दुष्कर्म और धमकी के गंभीर आरोप लगाया है।

2 min read
Google source verification

कानपुर के घाटमपुर तहसील परिसर में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला और उसकी दो बेटियों ने झांसी में तैनात फॉरेंसिक साइंस विभाग के वैज्ञानिक की चप्पलों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इस मारपीट का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वैज्ञानिक की तहरीर पर महिला और उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अदालत में तारीख पर आई महिला, शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार घाटमपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला का गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन को लेकर सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। शनिवार को महिला अपनी दो बेटियों के साथ अदालत में तारीख पर आई थी। उसी दौरान झांसी में तैनात फॉरेंसिक साइंस विभाग के वैज्ञानिक संतोष कुमार कुरील भी तहसील परिसर में मौजूद थे।

महिला ने संतोष कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनसे बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिला व उसकी दोनों बेटियों ने संतोष को पकड़कर कार से बाहर खींच लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उन्हें चप्पलों, लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।

लोगों ने बनाया वीडियो, हुआ वायरल

तहसील परिसर में अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस पहुंची, दोनों पक्षों को थाने ले गई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को घाटमपुर थाने ले आई। वैज्ञानिक संतोष कुमार कुरील की तहरीर पर पुलिस ने महिला और उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

महिला ने लगाए दुष्कर्म और धमकी के आरोप

वहीं थाने में महिला ने वैज्ञानिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि जमीन के मामले में मदद करने की आड़ में संतोष कुरील ने करीब दो वर्षों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने बताया कि इस संबंध में पहले भी घाटमपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

महिला का आरोप है कि संतोष कुरील ने मेडिकल रिपोर्ट में हेराफेरी करवा कर मामले में फाइनल रिपोर्ट लगवा दी। साथ ही वह उसे लगातार मुकदमे की पैरवी न करने के लिए धमका रहा था।

खुद को एडिशनल एसपी बताकर दिखाया रौब

बताया जा रहा है कि जब पुलिस संतोष कुमार कुरील को थाने ले जाने लगी तो उन्होंने खुद को एडिशनल एसपी बताते हुए पुलिसकर्मियों पर रौब गांठने की कोशिश की। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह एडिशनल एसपी नहीं बल्कि फॉरेंसिक साइंस विभाग में वैज्ञानिक हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले थाना प्रभारी

थाना प्रभारी ने बताया कि तहसील परिसर घाटमपुर में साइंटिस्ट सतीश कुमार कुरील के साथ एक महिला द्वारा मारपीट किए जाने के संबंध में थाना घाटमपुर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है। इस साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

#USStrikesVenezuelaमें अब तक