
कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले एक अधेड़ की नाले में गिरने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पेट्रोल पंप के पास नाले में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर थे कार्यरत -
पनकी के रतनपुर कॉलोनी निवासी विजय सिंह (55) एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। परिवार में पत्नी सविता और बेटा विकास हैं। परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम विजय सिंह घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटे। इससे चिंतित परिवार ने उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।शुक्रवार सुबह बेटा विकास पिता की तलाश में आसपास के इलाकों में निकला। इसी दौरान शताब्दी नगर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास लोगों की भीड़ लगी देख वह वहां पहुंचा। भीड़ के बीच झांककर देखा तो नाले में पड़े शव को देखकर उसके होश उड़ गए। शव उसके पिता विजय सिंह का था। बेटे की चीख सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस -
वही घटना की सूचना मिलते ही पनकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या बोले थाना प्रभारी -
थाना प्रभारी मनोज कुमार भदोरिया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि मृतक को शराब पीने की लत थी। गुरुवार शाम कुछ लोगों ने उन्हें नाले की पुलिया के पास नशे की हालत में बैठे हुए भी देखा था। आशंका है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
06 Mar 2026 02:38 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
