
हमीरपुर। पनवाड़ी मार्ग पर गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही जान चली गई,जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचन पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गलत दिशा में आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर -
जानकारी के मुताबिक, महोबा जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र के कनौरा गांव निवासी चतुर कुशवाहा (48) अपने बेटे श्याम सिंह (25) और भतीजे अमरचंद्र के साथ पारिवारिक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। तीनों कोतवाली क्षेत्र के बिलरख गांव में चाचा की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। विदाई के बाद वे बाइक से घर की ओर रवाना हुए थे। एक बाइक पर श्याम सिंह सवार था, जबकि दूसरी बाइक पर चतुर कुशवाहा अपने भतीजे के साथ बैठे थे। जैसे ही वे गिरवर मोड़ के पास पहुंचे, सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रक ने पहले श्याम सिंह की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। युवक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया। इसके बाद ट्रक ने दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे चतुर कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया घायल -
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। बताया गया कि मृतक युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि उसके पिता बिना हेलमेट के थे। परिजनों ने बताया कि परिवार खेती और मजदूरी पर निर्भर है। बेटे की असमय मौत से मां रामबाई, पत्नी रामप्यारी और छोटे भाई विश्वनाथ का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या बोले थाना प्रभारी -
मझगवां थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक व चालक की तलाश जारी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
26 Feb 2026 07:09 pm
बड़ी खबरें
View Allहमीरपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
