
हमीरपुर जिले के बीवांर कस्बे में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नए बस स्टैंड के पास शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेट हाईवे की पटरी पर नलकूप संस्थान के सामने अस्थायी रूप से दुकानें लगी हुई हैं। इन दुकानों के ठीक पीछे लंबे समय से कूड़े का ढेर जमा है। बुधवार दोपहर ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी सीधे कूड़े के ढेर में जा गिरी। कूड़े में आग लगते ही तेज लपटें उठने लगीं और कुछ ही पलों में आग दुकानों तक पहुंच गई। आग की चपेट में कस्बा निवासी नफीस खान की ऑटो पार्ट्स की दुकान, प्रताप कुशवाहा की साइकिल रिपेयरिंग की दुकान और किशोर कुशवाहा की सेनेटरी की दुकान आ गई।
दुकानों में रखा सामान, मशीनें, स्पेयर पार्ट्स और अन्य जरूरी सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई। दुकानदारों ने किसी तरह अपना और आसपास मौजूद लोगों का सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन आग के प्रचंड रूप के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक इलाके में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही बिजली विभाग को भी सूचित किया गया है, ताकि तारों की स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधार किया जा सके।
Published on:
25 Feb 2026 03:32 pm
बड़ी खबरें
View Allहमीरपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
