
कानपुर। होली से ठीक पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है।मुखबिर की सूचना के आधार पर पनकी रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर करीब नौ क्विंटल संदिग्ध और बदबूदार खोया जब्त कर नष्ट कराया गया। वहीं सचेंडी क्षेत्र में एक प्रतिष्ठान से भारी मात्रा में सोयाबीन तेल भी सीज किया गया। दो दिनों में कुल मिलाकर लगभग 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की गई।
गंदे कपड़ों में लिपटा मिला खोया -
अधिकारियों को सूचना मिली थी कि इटावा-कानपुर पैसेंजर ट्रेन से लाया गया खोया पनकी स्टेशन पर उतारा गया है। टीम के पहुंचते ही ट्रेन से उतारा गया खोया कुछ मजदूर स्टेशन के बाहर ले जाते दिखे, लेकिन जैसे ही उनकी नजर अधिकारियों पर पड़ी, वे खोया छोड़कर मौके से फरार हो गए। मौके पर पड़े खोये की जांच की गई तो वह गंदे कपड़ों में लिपटा मिला और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी खोया पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने लगभग नौ क्विंटल खोया (अनुमानित कीमत 3.42 लाख रुपये) जब्त कर टेंपो से गोविंदनगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट भिजवाया, जहां उसे नष्ट करा दिया गया।
सोयाबीन तेल भी किया गया जब्त -
वही सचेंडी स्थित श्री बिहारी जी ट्रेडर्स पर भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापा मारा। निरीक्षण के दौरान अमृत, माया और सफारी ब्रांड (नेपाल से आयातित) सोयाबीन तेल का भंडारण मिला। मौके पर ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ लैब से कराई गई प्राथमिक जांच में मिलावट के संकेत मिलने पर करीब 15,894 किलोग्राम खाद्य तेल (अनुमानित कीमत 25.66 लाख रुपये) जब्त किया गया। तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
चलाया जा रहा है अभियान -
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि होली के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के दौरान आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Published on:
26 Feb 2026 05:25 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
