25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: पीएसआईटी कॉलेज में छात्र की मौत के बाद प्रदर्शन, परिसर में तनाव

Kanpur: पीएसआईटी कॉलेज में छात्र की मौत के बाद छात्रों का आक्रोश भड़क उठा। शांति मार्च उग्र प्रदर्शन में बदल गया। छात्रों ने तोड़फोड़ की और निर्माण कार्य पर रोक की मांग की। पुलिस बल तैनात है।

2 min read
Google source verification

कानपुर। सचेंडी क्षेत्र स्थित पीएसआईटी कॉलेज में बीते सोमवार को हादसे का शिकार हुए बीसीए फाइनल ईयर का छात्र प्रखर सिंह की मौत के बाद बुधवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में शांति मार्च निकाला, जो कुछ ही देर में उग्र प्रदर्शन में बदल गया। बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रशासनिक भवनों और कक्षाओं के आसपास तोड़फोड़ की, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कॉलेज के कई भवनों के तोड़े गए शीशे -

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज के कई भवनों के शीशे तोड़ दिए, गमले और अन्य सजावटी सामान फेंक दिए तथा फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग थी और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए थे, जिससे छात्रों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की कि कक्षाओं के समय, यानी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक, किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। छात्रों का कहना है कि पढ़ाई के दौरान भारी मशीनों और निर्माण सामग्री की आवाजाही से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।

कई थानों की फोर्स की गई तैनात -

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की और कॉलेज प्रशासन के साथ बातचीत कर हालात सामान्य करने की कोशिश की। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।

मामले की कराई जा रही है जांच -

कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि छात्र की मौत की घटना गंभीर है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, छात्रों की मांगों पर विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, कैंपस में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

क्या था मामला -

कानपुर के दबौली निवासी खाद कारोबारी प्रभाकर सिंह के 21 वर्षीय पुत्र प्रखर सिंह सोमवार को कॉलेज से छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। उसी समय परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार तेज गति से निकली, जिससे अचानक धूल का घना गुबार उठ गया और कुछ देर के लिए दृश्यता बेहद कम हो गई। इसी दौरान सामने खड़ी जेसीबी प्रखर को नजर नहीं आई और वह सीधे उससे जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद छात्रों और कर्मचारियों ने तुरंत घायल छात्र को पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने काफी प्रयास किए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार देर शाम उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया था।