3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:मासूमों की होली, सपनों की टोली, अनाथ बच्चों संग डीएम ने खेली होली

PM CARES Children Holi Kanpur: होली पूर्व संध्या पर डीएम आवास में कोविड अनाथ बच्चों संग रंगोत्सव मनाया गया। पीएम केयर्स योजना से जुड़े 22 बच्चों में 10 कार्यक्रम में पहुंचे, जबकि 12 को घर उपहार भेजे गए। प्रशासन ने निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया है।

2 min read
Google source verification

कानपुर,होली की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जिलाधिकारी आवास पर रंगों का एक ऐसा दृश्य सामने आया,जहाँ अबीर-गुलाल के साथ संवेदनाओं की बौछार भी देखने को मिली। कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों के साथ जिलाधिकारी ने होली का पर्व मनाया। यह आयोजन महज एक औपचारिकता न रहकर आत्मीयता और भरोसे का प्रतीक बन गया।

घर-घर पहुँचाए गए उपहार -

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना से जुड़े जनपद के कुल 22 बच्चों को इस खास कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें से 10 बच्चे अपने अभिभावकों के साथ जिलाधिकारी आवास पहुँचे। शेष 12 बच्चों के घरों पर प्रशासन की ओर से विशेष दूत भेजकर पिचकारी, रंग, नए वस्त्र और मिठाई सहित उपहारों की किट भिजवाई गई, ताकि त्योहार की खुशियों में कोई कमी न रहे।

बच्चों से पूछा- 'क्या बनोगे बड़े होकर' -

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह व उनकी पत्नी रश्मि सिंह ने बच्चों को गुलाल लगाकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर आत्मीय संवाद किया। जिलाधिकारी ने जब बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा, तो किसी ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई तो किसी ने इंजीनियर बनने का लक्ष्य साझा किया। डीएम ने बच्चों की शैक्षिक प्रगति की रिपोर्ट ली और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जितेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी, कानपुर ने कहा कि इन बच्चों को आगे बढ़ने के हर अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिक्षा, मार्गदर्शन या अन्य किसी भी जरूरत के लिए जिला प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ इनके पीछे खड़ा है।

संवेदनाओं के साथ खिल उठे चेहरे -

कार्यक्रम में कोई भारी-भरकम भाषण नहीं हुआ, बल्कि सीधे संवाद पर जोर रहा। रंगों के बीच बच्चों के चेहरों पर झिझक के बजाय आत्मविश्वास और मुस्कान नजर आई। जिन बच्चों ने असमय अपनों को खोया, उनके लिए यह आयोजन सुरक्षा और सामाजिक जुड़ाव का एक बड़ा संदेश लेकर आया।

जनपदवासियों से अपील-

जिलाधिकारी ने सभी कानपुरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांति, संयम और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार तभी सार्थक है, जब समाज के हर उस बच्चे तक खुशियां पहुँचे, जिसे सहारे और संवेदना की आवश्यकता है।

#USStrikesVenezuelaमें अब तक