3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:होली पर चढ़ेगा पारे का रंग, चटक धूप के साथ धूल भरी हवाएं बढ़ाएंगी मुश्किलें

HoliWeatherUpdate:होली पर बुधवार को कानपुर मंडल व मध्य उत्तर प्रदेश में तेज धूप और हल्की उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं। तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। अगले तीन दिन बारिश की संभावना नहीं। किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

2 min read
Google source verification

कानपुर। रंगों के पर्व होली पर बुधवार को मौसम के भी कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। कानपुर मंडल सहित मध्य उत्तर प्रदेश में सुबह से ही सूरज की तपिश लोगों को पसीने छुड़ा सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने अनुमान जताया है कि साफ आसमान और तेज धूप के कारण दोपहर तक गर्मी का अहसास काफी बढ़ जाएगा।

हवाओं की रफ्तार थामेगी तापमान -

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस. एन. सुनील पांडेय के मुताबिक, दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ होगी। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से बढ़ते पारे पर कुछ हद तक लगाम लगी रहेगी। इन हवाओं की गति 10 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दोपहर के वक्त हवा की रफ्तार बढ़ने से कुछ स्थानों पर धूल भी उड़ सकती है, जिससे हुड़दंगियों और खुले में रंग खेलने वालों को थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

सामान्य से अधिक रहेगा दिन-

रात का पारा -मौसम विभाग के आकलन के अनुसार, इस बार दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। सुबह की हल्की गुलाबी ठंड अब बीते दिनों की बात होने वाली है। रात में भी पारे में विशेष गिरावट नहीं होगी, जो इस बात का संकेत है कि अब ग्रीष्म ऋतु धीरे-धीरे अपने पैर पसार रही है। हालांकि,अगले तीन दिनों तक बारिश या बड़े मौसमी उलटफेर की कोई संभावना नहीं है। आसमान में ऊंचे बादलों की आवाजाही तो दिख सकती है, लेकिन वे बारिश करने में सक्षम नहीं होंगे। होली का त्योहार बिना किसी व्यवधान के संपन्न होगा।

सावधान! बुजुर्ग और बच्चे रखें ध्यान-

मौसम विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर की तेज धूप और धूल भरी हवाओं को देखते हुए बुजुर्ग और बच्चे विशेष सावधानी बरतें। लंबे समय तक सीधी धूप में रहने से बचें और पर्याप्त पानी का सेवन करें।इस के साथ ही तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को भी सतर्क किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि खेतों में मिट्टी की ऊपरी परत जल्दी सूख सकती है, इसलिए नमी बनाए रखें। गेहूं और दलहन की फसलों में जरूरत के अनुसार सिंचाई करना इस वक्त बेहद लाभकारी रहेगा।