3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: होली पर चार दिन में 100 करोड़ का कारोबार, 60 करोड़ की गुझिया बिकी

Kanpur Holi Market:कानपुर में होली पर चार दिनों में 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। 60 करोड़ की गुझिया और 8 हजार टन रंग-गुलाल बिके। नमकीन, पापड़, पिचकारी, मिठाई और ठंडे पेयों की भी जोरदार बिक्री दर्ज की गई।

2 min read
Google source verification

कानपुर। होली के मौके पर शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सोमवार तक चार दिनों में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। व्यापारियों के अनुसार, अकेले 60 करोड़ रुपये से अधिक की गुझिया की बिक्री हुई, जबकि आठ हजार टन से ज्यादा गुलाल और रंग बाजार से खप गया। नमकीन, चिप्स, पापड़, पिचकारी, गन्ना और फलों की भी व्यापक बिक्री हुई है।

त्योहार को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से देर शाम तक भीड़ रही। होली खेलने के लिए सफेद टी-शर्ट और कुर्तों की मांग बढ़ी रही। होलिका दहन के मद्देनजर पुतलों और लकड़ी की होलिका मूर्तियों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। जीटी रोड और निराला नगर क्षेत्र में चार से पांच फीट ऊंचे पुतलों की विशेष मांग दर्ज की गई।

मिठाई कारोबारियों ने बताया कि इस बार पारंपरिक खोया और मेवा की गुझिया के साथ चंद्रकला, चाशनी वाली गुझिया, पिस्ता, चॉकलेट और बेक्ड गुझिया की भी अच्छी मांग रही। महंगी और प्रीमियम श्रेणी की गुझिया की बिक्री अपेक्षा से अधिक रही। ब्रांडेड कंपनियों की नमकीन और बेकरी उत्पादों की भी जमकर खरीदारी हुई।

उप्र नमकीन निर्माता संघ के अध्यक्ष निर्मल त्रिपाठी ने बताया कि होली को देखते हुए नमकीन, चिप्स और पापड़ की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। थोक और खुदरा दोनों बाजारों में मांग बनी रही, जिससे छोटे और मध्यम व्यापारियों को लाभ हुआ। होटल, गेस्ट हाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम लाल मूलचंदानी और महामंत्री राजकुमार भगतानी ने बताया कि उपभोक्ताओं ने पारंपरिक मिठाइयों के साथ नए फ्लेवर को भी पसंद किया। आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक की बिक्री में भी तेजी रही। उन्होंने बताया कि कई ग्राहकों ने आगामी एक सप्ताह की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अग्रिम खरीदारी की।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि होली के अवसर पर हुई यह रिकॉर्ड बिक्री स्थानीय बाजार और अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है। त्योहार के चलते शहर के खुदरा, थोक और खाद्य कारोबार से जुड़े अधिकांश क्षेत्रों में उत्साहजनक कारोबार दर्ज किया गया है।