8 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:दो करोड़ की जमीन के लालच में मासूम समेत परिवार कैद, फेसबुक मैसेज बना आज़ादी की चाबी

Family Hostage Case:कानपुर में दो करोड़ की जमीन हड़पने के लालच में शातिरों ने शाहजहांपुर के दंपती और उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी को करीब एक माह तक बंधक बनाकर रखा। फेसबुक मैसेज से परिजनों को जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने फ्लैट से तीनों को मुक्त कराया।

2 min read
Google source verification

कानपुर। करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने के लालच में शातिरों ने शाहजहांपुर निवासी दंपती और उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी को करीब एक माह तक बंधक बनाकर रखा। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंद फ्लैट का ताला खुलवाकर तीनों को सुरक्षित मुक्त कराया। पीड़िता ने प्रॉपर्टी डीलर, एक कारोबारी और उनके साथियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जमीन के एग्रीमेंट के बहाने शुरू हुआ विवाद -

उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के जगतनगर निवासी दिव्या गुप्ता की शादी शाहजहांपुर निवासी ओम गुप्ता से हुई है। दंपती की डेढ़ वर्षीय बेटी अवनी है। दिव्या के अनुसार माता-पिता की मौत के बाद मायके की करीब दो करोड़ रुपये कीमत की जमीन उनके कब्जे में है। करीब डेढ़ वर्ष पहले एक परिचित कारोबारी ने जमीन बेचने के सिलसिले में उनकी मुलाकात कल्याणपुर के एक प्रॉपर्टी डीलर से कराई थी।

आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर ने एक लाख रुपये देकर जमीन का एग्रीमेंट करा लिया। इसी दौरान उसने एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाकर पासबुक, हस्ताक्षरित चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए।

विजय नगर बुलाकर बनाया बंधक -

पीड़िता के मुताबिक पांच फरवरी को जमीन से जुड़े काम का झांसा देकर उन्हें परिवार समेत कानपुर के विजय नगर बुलाया गया। यहां पांच कारों से आए प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें शहर के एक सुनसान इलाके के होटल में ले जाया गया।

दिव्या का आरोप है कि आरोपियों ने हर दो दिन में होटल बदलते हुए उन्हें अलग-अलग जगहों पर रखा। इस दौरान आरोपी कमरे में ही शराब पीते थे और उन्हें लगातार प्रताड़ित करते रहे। साथ ही नामांतरण के बाद बैनामा कराने का दबाव बनाते हुए इंकार करने पर पति और बेटी को जान से मारने की धमकी देते रहे।

कल्याणपुर के फ्लैट में बंद कर लगाया ताला -

पीड़िता के अनुसार बाद में आरोपियों ने कल्याणपुर स्थित मार्स इंक्लेव में एक फ्लैट किराए पर लिया और दंपती व उनकी बेटी को वहां बंद कर दिया। बाहर से ताला लगाकर आरोपी मौके से चले जाते थे, जिससे परिवार पूरी तरह कैद हो गया था।

फेसबुक मैसेज से खुला पूरा राज -

किसी तरह पति ओम गुप्ता ने आरोपियों के मोबाइल के हॉटस्पॉट की मदद से फेसबुक के जरिए अपनी मां को संदेश भेजा और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने कानपुर में रहने वाले अपने परिचित ऋषि से मदद मांगी।

ऋषि की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का ताला खुलवाकर दंपती और मासूम बच्ची को मुक्त कराया। पुलिस तीनों को थाने ले आई, जहां पीड़िता ने प्रॉपर्टी डीलर, कारोबारी और उनके करीब आधा दर्जन साथियों के खिलाफ तहरीर दी।

जांच के बाद होगी कार्रवाई -

सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि 112 के माध्यम से थाना कल्याणपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक दंपत्ति को बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों को सुरक्षित थाने लाई। प्रारंभिक जांच में भूमि से संबंधित एग्रीमेंट/लेन-देन के विवाद का मामला सामने आया। इस संबंध में पीड़ित द्वारा तहरीर दी गई है, जिसकी जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

#USStrikesVenezuelaमें अब तक