
कानपुर के रावतपुर इलाके में एक मंदिर के पुजारी की कथित नॉनवेज खाते हुए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया। नाराज लोगों की भीड़ मंदिर पहुंच गई और पुजारी को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई महिलाओं को भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह पुजारी को भीड़ से बचाया और थाने ले गई।वही सोमवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया।
रावतपुर के केशवपुरम स्थित भूतेश्वर मंदिर में प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित पुजारी और महंत हैं। वह मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं। दो दिन पहले उनकी एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें उन्हें कथित रूप से नॉनवेज खाते हुए दिखाया गया।हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि फोटो असली है या एडिट की गई है, लेकिन फोटो सामने आते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। कुछ लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बताते हुए पुजारी को मंदिर से हटाने की मांग शुरू कर दी।
रविवार देर रात जब पुजारी मंदिर में दिखे तो गुस्साई भीड़ वहां पहुंच गई। करीब 50 से 60 लोगों ने पुजारी को कमरे से बाहर खींच लिया और धक्का-मुक्की करते हुए दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।भीड़ ने उन्हें पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और जमकर मारपीट की। इस दौरान कुछ महिलाएं पुजारी को बचाने के लिए आगे आईं और उन्हें घेरकर बैठ गईं, लेकिन भीड़ ने उन्हें भी थप्पड़ मार दिए। मौके पर मौजूद लोग लगातार पुजारी को घसीटने और कुर्सी से मारने की बातें करते नजर आए।
घटना के दौरान किसी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पुजारी को भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले गई।घायल पुजारी प्रशांत गिरी ने पुलिस को दी तहरीर में दावा किया कि उन्हें बदनाम करने के लिए उनकी फोटो एडिट कर वायरल की गई है। उनका कहना है कि कुछ लोग उन्हें मंदिर से हटाने की साजिश कर रहे हैं और किसी रेस्टोरेंट में खींची गई उनकी पुरानी तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई है।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पुजारी को भीड़ से सुरक्षित निकाल लिया गया है। उनकी तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
09 Mar 2026 01:53 pm
Published on:
09 Mar 2026 01:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
