कानपुर

Kanpur News: लाइव आया युवक…और लगा ली फांसी, मोबाइल स्क्रीन पर दिखा खौफनाक मंजर

Instagram Live Suicide: कानपुर के जूही थाना क्षेत्र के बंबुरहिया में युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मोहल्ले के युवक ने वीडियो देखकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Mar 12, 2026

कानपुर। जूही थाना क्षेत्र के बंबुरहिया में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लाइव वीडियो की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। युवक के परिजन जब तक कमरे तक पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और युवक का मोबाइल भी जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।

बंबुरहिया निवासी मनीष उर्फ छोटू (33) पेशे से लोडर चालक था। परिजनों के अनुसार उसकी शादी करीब आठ साल पहले माही से हुई थी। दोनों का एक बेटा पुच्चू है। शादी के करीब दो साल बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था और मामला थाने तक पहुंच गया था। बाद में समझौते के तहत पत्नी बेटे के साथ अलग रहने लगी थी। पत्नी और बेटे से अलग रहने के बाद मनीष काफी गुमसुम रहने लगा था और धीरे-धीरे शराब का आदी भी हो गया था।

ये भी पढ़ें

Kanpur News: गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 49 सिलेंडर बरामद

परिजनों ने बताया कि गंगा मेला के दिन मनीष ने दिनभर मोहल्ले के लोगों के साथ रंग खेला था। शाम को वह घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में चला गया। घरवालों को लगा कि वह नशे में सो गया है, इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

इसी बीच देर शाम मोहल्ले के कुछ युवक दौड़ते हुए मनीष के घर पहुंचे और परिजनों को बताया कि वह इंस्टाग्राम पर लाइव आया है और फंदा लगा लिया है। यह सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो मनीष पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जूही इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार पटेल ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर इंस्टाग्राम लाइव से जुड़ी जानकारी की जांच की जा रही है।

Also Read
View All

अगली खबर