
कानपुर में गैस सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बुधवार को खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम ने शहर के दो स्थानों पर छापेमारी कर अवैध रिफिलिंग के नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान कुल 49 एलपीजी सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कार्रवाई के क्रम में बुधवार शाम ग्वालटोली क्षेत्र में इकबाल पुत्र सिद्दीकी के आवास पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान मौके से घरेलू और कमर्शियल श्रेणी के कुल 46 गैस सिलेंडर बरामद हुए। इसके अलावा छह रिफिलिंग उपकरण और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला।जांच में सामने आया कि यहां अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। टीम ने सभी सिलेंडर और उपकरण कब्जे में लेकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम ने मोहल्ला फेफूफंगंज स्थित पानी टंकी के पास इमरान नामक व्यक्ति की दुकान की भी जांच की। तलाशी के दौरान यहां से तीन एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें दो खाली और एक भरा हुआ था।इसके अलावा रिफिलिंग उपकरण और नोजल भी मौके से बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक यहां भी अवैध तरीके से गैस सिलेंडर रिफिल करने की तैयारी की जा रही थी।
जिलापूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 11 मार्च को जिला पूर्ति कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम की लैंडलाइन और व्हाट्सएप के माध्यम से कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।इनमें से 14 शिकायतों का उसी दिन निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।
डीएसओ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के 9 क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और 18 पूर्ति निरीक्षकों को क्षेत्र में लगातार निगरानी के लिए लगाया गया है। उन्हें गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिफिलिंग की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
12 Mar 2026 01:00 am
Published on:
11 Mar 2026 11:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
