
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सप्ताह पहले सब्जी मंडी में महिला से चेन लूटकर फरार हुए स्कूटी सवार बदमाशों से बुधवार को कल्याणपुर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस कई दिनों से आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया है।
कल्याणपुर के बंबा रोड निवासी राकेश त्रिपाठी की पत्नी कुसुम तीन मार्च को महाराणा प्रताप स्कूल के पास स्थित सब्जी मंडी में फल और सब्जी खरीदने गई थीं। उसी दौरान स्कूटी सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उसी के आधार पर लुटेरों की पहचान और तलाश शुरू की थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश इलाके में घूम रहे हैं। इसके बाद बुधवार सुबह कल्याणपुर पुलिस बारा सिरोही नहर पुल के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार को रोकने का इशारा किया गया तो वह अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
घायल बदमाश की पहचान नौबस्ता के हनुमंत विहार निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा, कारतूस और महिला से चेन लूट में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार अमित के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और कुछ समय पहले ही उसे बिठूर पुलिस ने जेल भेजा था।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
11 Mar 2026 11:23 am
Published on:
11 Mar 2026 11:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
