11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: गैस के लिए जंग जैसे हालात! सिलेंडर को लेकर सुबह से कतारें, कम सप्लाई से बढ़ी शहर की चिंता

Kanpur LPG Gas:पश्चिमी एशिया में युद्ध के कारण गैस आपूर्ति को लेकर आशंका बढ़ गई है। कानपुर में गैस गोदामों के बाहर लंबी लाइनें लग रही हैं। सप्लाई घटने और सर्वर डाउन की समस्या से लोग परेशान हैं, जबकि प्रशासन ने कालाबाजारी पर सख्ती की चेतावनी दी है।

3 min read
Google source verification

मध्य-पूर्व के देशों में जारी युद्ध की आंच अब भारत तक महसूस होने लगी है। कानपुर में बुधवार सुबह गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सिलेंडर लेने वालों की लंबी कतारें दिखाई दीं। हाथों में खाली सिलेंडर लिए लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। सरकार भले ही रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा। इससे लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ती दिख रही हैं, क्योंकि रसोई की आग अब गैस की आपूर्ति पर ही टिकी है।

गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें, सप्लाई घटने से बढ़ी परेशानी

बुधवार सुबह से ही शहर के कई गैस गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग गईं। लोगों का कहना है कि पहले जहां गैस एजेंसियों पर रोजाना दो गाड़ियां सिलेंडर लेकर आती थीं, वहीं अब दो दिन में मुश्किल से एक गाड़ी पहुंच रही है। सप्लाई घटने के कारण एजेंसियों पर सिलेंडर जल्दी खत्म हो जा रहे हैं। कई उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।

सर्वर डाउन और बुकिंग समस्या से उपभोक्ता परेशान

गैस एजेंसियों में तकनीकी दिक्कतें भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। कई जगह सर्वर डाउन होने की वजह से बुकिंग और वितरण का काम प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें तीन-तीन दिन तक सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कुछ लोगों ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी सिलेंडर समय पर नहीं मिल रहा, जिससे घरेलू रसोई पर असर पड़ रहा है।

कालाबाजारी पर प्रशासन की चेतावनी, जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं अवैध बिक्री या ज्यादा कीमत वसूलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने कॉल सेंटर भी स्थापित किया है। अपर जिलाधिकारी (सिविल सप्लाई) राजेश कुमार के अनुसार उपभोक्ता 0512-2988763 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा 6394616122 मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए भी गैस आपूर्ति या कालाबाजारी से संबंधित सूचना भेजी जा सकती है। प्रशासन का कहना है कि सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लोगों की प्रतिक्रिया

प्रशांत (काकादेव, कानपुर) ने बताया कि “मैं पिछले तीन दिन से सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहा हूं। हर बार यही बताया जाता है कि गाड़ी नहीं आई है। घर में गैस खत्म हो गई है, जिससे परिवार को काफी परेशानी हो रही है।”

मुरारी (कल्याणपुर, कानपुर) ने बताया कि “पहले रोज गैस की गाड़ी आती थी, लेकिन अब दो दिन में एक बार ही सिलेंडर पहुंच रहा है। लंबी लाइन में खड़े रहने के बाद भी कई लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है।”

अशोक त्रिपाठी (गोविंद नगर, कानपुर) ने बताया कि “मैंने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, लेकिन सर्वर की दिक्कत के कारण एजेंसी वाले सही जानकारी नहीं दे पा रहे। समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है।”

दिव्या (बर्रा, कानपुर) ने बताया कि “सुबह जल्दी आकर लाइन में लगना पड़ रहा है, तब जाकर नंबर आता है। घर की पूरी रसोई गैस पर ही निर्भर है, ऐसे में सिलेंडर न मिलने से काफी दिक्कत हो रही है।”

गौतम शर्मा (नौबस्ता, कानपुर) ने बताया कि “सरकार कह रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन यहां एजेंसियों के बाहर लगी लंबी लाइनें कुछ और ही कहानी बता रही हैं। अगर सप्लाई नहीं बढ़ी तो आगे परेशानी और बढ़ सकती है।”

#USStrikesVenezuelaमें अब तक