Kanpur double murder:कानपुर के नौबस्ता में बाइक टक्कर के बाद विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू व हेलमेट से हमले में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल है। आरोपी फरार हैं, पुलिस जांच में जुटी है।
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक मामूली सड़क दुर्घटना ने भयावह रूप ले लिया और देखते ही देखते यह मामला दोहरी हत्या में बदल गया। बाइक टक्कर के बाद हुए विवाद में एक पक्ष ने चाकू और हेलमेट से हमला कर दिया, जिसमें पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बेटा गंभीर रूप से घायल है। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैला दिया है।
जानकारी के अनुसार किदवई नगर थाना क्षेत्र के निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने दो बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में कार्य करते थे। रविवार शाम काम खत्म करने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नौबस्ता क्षेत्र में पहुंचे, उनकी बाइक की दूसरी बाइक से मामूली टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही मिनटों में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने हेलमेट से भी ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में शिवनारायण त्रिवेदी और उनके पुत्र शिवम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि दूसरा बेटा सत्यम भी बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण त्रिवेदी और उनके पुत्र शिवम को मृत घोषित कर दिया। सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर, रघुबीर लाल ने बताया कि शिवनारायण त्रिवेदी, शुभम त्रिवेदी एवं सत्यम त्रिवेदी बाइक से अपने कार्यस्थल मार्बल शॉप से वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दूसरी बाइक सवार तीन व्यक्तियों से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिसके उपरांत दोनों पक्षों में विवाद एवं मारपीट हुई, जिसमें धारदार हथियार एवं हेलमेट से हमला किया गया। उक्त घटना में शिवनारायण त्रिवेदी एवं शुभम त्रिवेदी गम्भीर रूप से घायल हो गए जिनकी हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई,जबकि सत्यम त्रिवेदी घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। घटना के संबंध में एक अभियुक्त को मौके पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।उक्त घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तगणों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।