कानपुर

Kanpur News:मनमानी फीस के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, अभिभावकों के शोषण का लगाया आरोप

Private School Fees Protest Kanpur: कानपुर में निजी स्कूलों की फीस वृद्धि और एडमिशन शुल्क को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नेताओं ने अभिभावकों के शोषण का आरोप लगाते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और निजी स्कूलों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

2 min read
Mar 09, 2026
Feature image

कानपुर। शहर में निजी स्कूलों द्वारा ली जा रही मनमानी फीस और अभिभावकों के कथित शोषण के खिलाफ सोमवार को कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निजी स्कूलों की फीस नीति पर नियंत्रण लगाने की मांग की।

फीस वृद्धि और एडमिशन शुल्क को लेकर विरोध

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निजी स्कूलों द्वारा अत्यधिक एडमिशन फीस वसूलने, हर साल फीस बढ़ाने और ड्रेस व किताबें खरीदने के नाम पर अभिभावकों का आर्थिक शोषण किए जाने का आरोप लगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “स्कूलों की मनमानी बंद करो” और “अभिभावकों को राहत दो” जैसे नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने वाला है और अभी से ही अभिभावकों की समस्याएं सामने आने लगी हैं। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने आरोप लगाया कि कई निजी स्कूल आरटीई के तहत गरीब और कमजोर वर्ग के बच्चों को प्रवेश देने से भी बचते हैं, जबकि दूसरी ओर सामान्य अभिभावकों से भारी फीस वसूली जाती है।

आरटीई के तहत प्रवेश न देने की भी शिकायत

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हर वर्ष इसी तरह की स्थिति बन जाती है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरटीई के तहत पात्र गरीब बच्चों को भी कई स्कूलों में प्रवेश नहीं दिया जाता, जो नियमों का उल्लंघन है।कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि जिले स्तर पर निजी स्कूलों की मनमानी पर तुरंत अंकुश लगाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

शिकायतों के समाधान के लिए समिति गठित करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग की कि अभिभावकों की शिकायतों के समाधान के लिए एक विशेष समिति गठित की जाए। यह समिति स्कूलों की फीस संरचना और एडमिशन प्रक्रिया की निगरानी करे, ताकि कोई भी स्कूल मनमाने तरीके से भारी भरकम एडमिशन फीस या फीस वृद्धि न कर सके।प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के अलावा नरेश पाठक, हरीश बाजपेई, रितेश यादव, सैमुअल लकी सिंह, पदम मोहन मिश्रा, राम स्वरूप तिवारी, आसिफ इकबाल, अजय श्रीवास्तव शीलू, जावेद जमील उस्मानी, राकेश साहू, जितेंद्र गिरी, डॉ. महादेव, राज किशोर वर्मा, राजेश सविता, बृजेश गुप्ता, मिंटू बाजपेई और जितेंद्र वर्मा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।