
कानपुर से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने अलीगढ़ के एक सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि सिपाही ने पुलिस लाइन में शादी और नौकरी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शारदानगर के छात्रावास में रहने वाली छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने गणित से एमएमसी किया है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। 19 जनवरी 2026 को वह सेंट्रल स्टेशन से आगरा परीक्षा देने जा रही थी। ट्रेन में उसकी मुलाकात अलीगढ़ निवासी एक सिपाही से हुई। सिपाही ने खुद को कानपुर पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत बताया और कहा कि वह छात्रा की नौकरी लगवा देगा। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि सिपाही ने शादी का प्रस्ताव रखकर छात्रा से नजदीकियां बढ़ाईं।
छात्रा के मुताबिक, आरोपी सिपाही ने उसकी मां से भी बात की। उसने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह छात्रा से शादी करेगा और उसकी सरकारी नौकरी भी लगवाएगा। इस भरोसे के बाद छात्रा उससे मिलती-जुलती रही।
तहरीर के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को सिपाही ने छात्रा को कानपुर पुलिस लाइन में शहीद स्मारक के पीछे बुलाया। वहां उसने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। छात्रा ने शादी से पहले संबंध बनाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने जबरन उसका यौन उत्पीड़न किया। छात्रा का कहना है कि इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से उसकी वीडियो और फोटो भी बना लीं। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने कई बार यौन शोषण किया।
कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि छात्रा की तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। सिपाही को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। L