
Kanpur Crime News: कानपुर में रास्ता पूछने का बहाना बनाकर स्कूटर सवार एक निजी कंपनी के कर्मचारी का अपहरण कर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चार बदमाशों ने युवक को जबरन उसके ही स्कूटर पर बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की, 17 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद सक्रिय हुई रावतपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
विजयनगर निवासी अमित मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी इंजीनियरिंग कंपनी में सेल्स का कार्य करते हैं। 22 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे वह ड्यूटी खत्म कर स्कूटर से घर लौट रहे थे। डबल पुलिया स्थित साईं मंदिर के पास चार युवकों ने उन्हें रोककर रास्ता पूछने की बात कही। बातचीत के दौरान एक युवक जबरन स्कूटर पर आगे बैठ गया, जबकि दो अन्य पीछे बैठ गए। चौथा आरोपी मोटरसाइकिल से उनके पीछे-पीछे चलता रहा।
पीड़ित के अनुसार, कुछ दूर पहुंचने के बाद आरोपियों ने उनकी आंख और मुंह दबाकर रावतपुर के कर्बला क्षेत्र में ले गए। वहां बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और जेब में रखे 17 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह पीड़ित थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़ित की तहरीर पर रावतपुर पुलिस ने अपहरण, लूट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने रावतपुर की कच्ची बस्ती निवासी आकाश यादव, अनुराग दुबे उर्फ बालू माची और इशू कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वारदात में शामिल चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।