
कानपुर के बिठूर रोड स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में शनिवार को कागज कारोबारी के बेटे संभव की छठी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के हालात संदिग्ध बताए जा रहे हैं। पुलिस हत्या, हादसा और आत्महत्या तीनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजन का आरोप कि संभव के मोबाइल के व्हाट्सएप की पिछली चैट डिलीट मिली हैं। शनिवार को लड़की ने दो बजे आखिरी मैसेज किया है कि डॉन्ट कम। इसके करीब एक घंटे बाद, तीन बजे के आसपास संभव के अपार्टमेंट से गिरने की सूचना मिली।
इस मैसेज के सामने आने के बाद अपार्टमेंट के कुछ निवासी आशंका जता रहे हैं कि संभव और लड़की के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ होगा, जिसके चलते उसने छलांग लगा दी हो। वहीं लड़की के परिजनों का कहना है कि संभव वॉलीबॉल खेल रहा था और उसी दौरान उसका पैर फिसल गया। पुलिस ने बताया कि सच्चाई सामने लाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश की जाएगी।
फ्रेंड का मामा बोला, तेल में पैर फिसलने से गिरा
रुद्रा ग्रीन्स निवासी एक कारोबारी का परिवार छठी मंजिल के फ्लैट में रहता है। परिवार में पत्नी, बेटा है, जबकि उनकी विवाहित बेटी भी मायके में रहती है। उसका एक छोटा बेटा है और 18 वर्षीय बेटी मुंबई में पढ़ाई कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की के मामा ने बताया कि संभव की उसकी भांजी से मित्रता थी। दिवाली पर भांजी मुंबई से घर आई थी। जिसके चलते संभव भी अक्सर फ्लैट में आ रहा था। शनिवार दोपहर घर पर मामा-भांजी और भांजा थे। अन्य लोग बाहर गए थे। सभी लोग कॉफी पीने जाने का प्लान कर रहे थे। इसी दौरान संभव और छोटा भांजा दोनों फ्लैट में वॉलीबॉल खेलने लगे। बॉल बालकनी की ओर गई तो संभव ने दौड़ कर पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बालकनी के पास दिवाली में रखे गए दिया से फैले तेल में संभव का पैर पड़ा और वह फिसल कर नीचे आ गिरा।
मैं आगे बढ़ा था कि धड़ाम से नीचे आ गिरा संभव
अपार्टमेंट के टॉवर वन में रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोपहर को मैं भूतल में टहल रहा था। टॉवर टू के सामने से 10 कदम ही आगे बढ़ा था कि धड़ाम से आवाज आई। पीछे देखा तो लड़का जमीन पर पड़ा हुआ था। उसके बाहरी रक्तश्राव नहीं था, हालांकि वह अचेत हो गया था। लोगों ने होश में लाने की कोशिश की। कोई हलचल न होने पर उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां से पारस हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां 20 मिनट बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
25 मार्च को रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की गिरकर हो हुई थी मौत
इसी अपार्टमेंट के टॉवर तीन के 8 बी में रहने वाले एयरफोर्स के सेवानिवृत्त कर्मी शगुन कटियार (42) की गिरकर मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम को बालकनी में हाथों के निशान मिले थे।