कानपुर

Kanpur News:मंदिर दर्शन जा रहा परिवार हादसे का शिकार, पलटी कार…और 45 मिनट तक नहीं पहुंची एम्बुलेंस!

Kanpur road accident:कानपुर-उन्नाव हाईवे पर मंदिर जा रही कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। एम्बुलेंस देरी से पहुंची, जिससे घायलों को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया।

2 min read
Mar 26, 2026

कानपुर। कानपुर से उन्नाव स्थित बक्सर घाट पर चंद्रिका माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार गुरुवार को सड़क हादसे का शिकार हो गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित मंगलम स्वीट हाउस के सामने कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार का शीशा तोड़कर सभी को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, कार चालक ओमप्रकाश अपने रिश्तेदारों के साथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वाहन पुरवामीर क्षेत्र में पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:टेलीग्राम पर भरोसा पड़ा भारी, ‘डबल मुनाफे’ के चक्कर में लाखों साफ, मुकदमा दर्ज

बच्चों समेत घायलों को अस्पताल भेजा गया

हादसे में सत्यम (10), अंकुश (12), गुड़िया (35) पत्नी अरविंद कुमार और लकी (5) घायल हो गए। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।हादसे के चलते कानपुर-उन्नाव हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

एम्बुलेंस देरी से पहुंची, लोगों में नाराजगी

घटना के बाद एम्बुलेंस सेवा की लापरवाही भी सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूचना देने के करीब पौन घंटे बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। जबकि अस्पताल की दूरी मात्र छह किलोमीटर थी। समय पर एम्बुलेंस न मिलने के कारण घायलों को करीब 45 मिनट तक सड़क पर ही तड़पना पड़ा।आखिरकार राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में एम्बुलेंस सेवा के प्रति नाराजगी देखी गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी

महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही यातायात को भी बहाल कराया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हालांकि अभी कोई भी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Published on:
26 Mar 2026 05:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर