26 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:टेलीग्राम पर भरोसा पड़ा भारी, ‘डबल मुनाफे’ के चक्कर में लाखों साफ, मुकदमा दर्ज

Cyber Fraud:कानपुर के कल्याणपुर में साइबर ठगों ने टेलीग्राम के जरिए पैसे दोगुना करने का झांसा देकर युवती से 9.13 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल के साथ जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

कानपुर। शहर के कल्याणपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां “पैसे दोगुना करने” का लालच एक युवती के लिए भारी पड़ गया। ठगों ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर उससे करीब 9.13 लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंटरनेशनल कॉल से शुरू हुआ खेल

कल्याणपुर के देवी सहाय गोवा गार्डन स्थित महरोत्रा सोसाइटी निवासी नीलम कुमारी के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को उनके पास एक इंटरनेशनल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को निवेश सलाहकार बताया और कम समय में पैसा दोगुना करने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में बात भरोसेमंद लगी, जिसके बाद ठगों ने उन्हें टेलीग्राम पर जोड़ लिया।यहां उन्हें अलग-अलग निवेश स्कीम दिखाकर रकम जमा कराने के लिए प्रेरित किया गया। ठग लगातार संपर्क में रहे और हर बार मुनाफे का झांसा देकर नई रकम ट्रांसफर कराते रहे।

एक महीने में आठ बार में ट्रांसफर हुई रकम

पीड़िता के मुताबिक, 5 फरवरी से 5 मार्च 2026 के बीच कुल आठ बार में उनसे पैसे ट्रांसफर कराए गए। सबसे पहले 19,120 रुपये और 19,137 रुपये की छोटी रकम भेजवाई गई, ताकि भरोसा कायम हो सके। इसके बाद 16 और 18 फरवरी को क्रमशः 48,073, 19,229, 48,945 और 48,985 रुपये ट्रांसफर कराए गए।ठगों का भरोसा बढ़ाने का खेल यहीं नहीं रुका। 19 फरवरी को पीड़िता से एक साथ 4,10,000 रुपये और 5 मार्च को 3,00,000 रुपये ट्रांसफर कराए गए। इस तरह कुल रकम 9,13,489 रुपये तक पहुंच गई। सभी ट्रांजेक्शन पीड़िता ने अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से नेट बैंकिंग के जरिए किए।

ठगी का अहसास होते ही पहुंची पुलिस के पास

कुछ समय बाद जब नीलम को किसी प्रकार का रिटर्न नहीं मिला और ठगों ने संपर्क कम करना शुरू किया, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत थाना कल्याणपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। जिन बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित मोबाइल नंबर व टेलीग्राम आईडी को ट्रेस करने का प्रयास जारी है।

पुलिस की अपील: लालच से रहें सतर्क

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें, खासकर जब बात “कम समय में ज्यादा मुनाफा” देने की हो। साइबर अपराधी इसी लालच का फायदा उठाकर लोगों को ठग रहे हैं।