
पुलिस की हिरासत में आरोपी
कानपुर के कल्याणपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और उसके नाम पर ढाई लाख से ज्यादा का लोन कराने के आरोपी साहिल अरोरा को कल्याणपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 5 महीने से फरार चल रहा था। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे दबोचकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पीड़िता कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नानकारी आईआईटी की रहने वाली है। युवती के मुताबिक, जनवरी 2026 में उसकी पहचान मैट्रिमोनियल साइट जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए साहिल अरोरा से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी ने शादी का वादा कर युवती का भरोसा जीत लिया।
पीड़िता का आरोप है कि 18 जनवरी 2026 को साहिल कानपुर आया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का वादा कर उसका शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा।
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी ने भरोसे में लेकर उसके आधार, पैन समेत सभी निजी दस्तावेज और बैंक डिटेल ले ली। इसके बाद उसके नाम पर बजाज फाइनेंस और टीवीएस फाइनेंस से करीब ढाई लाख रुपये के तीन अलग-अलग लोन करा दिए।
इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता से 55 हजार रुपये नकद भी उधार लिए। साहिल ने युवती के बैंक खातों का गलत इस्तेमाल किया, जिसकी वजह से उसके खाते भी बंद हो गए। ठगी का अहसास होने पर युवती ने 5 महीने पहले कल्याणपुर थाने में साहिल अरोरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था। कल्याणपुर पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कल्याणपुर क्षेत्र में ही मौजूद है। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर साहिल अरोरा को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी कल्याणपुर आईपीएस सुमेध ने बताया कि आरोपी साहिल अरोरा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
Published on:
12 May 2026 04:52 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
